जगदलपुर। नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में पेड़ों की बड़े पैमाने पर अवैध कटाई और अवैध सड़क निर्माण के मामलों पर छत्तीसगढ़ सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सीएम विष्णुदेव साय के निर्देश पर पूरे मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित होगी। दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

IIT खड़गपुर कर रहा वैज्ञानिक सर्वे
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से इस मुद्दे पर चर्चा की है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को तत्काल जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। समिति सभी तथ्यों की जांच कर रिपोर्ट देगी, जिसके आधार पर आगे कार्रवाई होगी। उन्होंने साफ कहा कि वन क्षेत्र में किसी भी अवैध गतिविधि को संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
CM के निर्देश पर बनेगी जांच समिति
वन मंत्री ने बताया कि अबूझमाड़ लंबे समय तक असर्वेक्षित (Unsurveyed) क्षेत्र रहा है। इसी वजह से कार्रवाई में तकनीकी कठिनाइयां आईं। अब सरकार IIT खड़गपुर के माध्यम से वैज्ञानिक आधार पर सर्वे करा रही है। इससे क्षेत्र का सटीक भू-डाटा तैयार होगा। इससे वन क्षेत्र की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और भविष्य में अवैध कटाई, अतिक्रमण और सड़क निर्माण पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा।

जनप्रतिनिधियों से की अपील
केदार कश्यप ने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी वन क्षेत्र में अवैध कटाई या गैरकानूनी गतिविधि दिखे तो तत्काल प्रशासन को जानकारी दें। सरकार वन संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगी।



