टीआरपी डेस्क। मध्य प्रदेश में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। बुधवार को सागर और भोपाल संभाग के कई जिलों से होता हुआ मानसून आगे पहुंच गया। मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार उज्जैन और ग्वालियर-चंबल संभाग में गुरुवार को मानसून दस्तक दे सकता है। इसी के साथ प्रदेश के कई हिस्सों में अति भारी, भारी और तेज बारिश का दौर जारी रहेगा।
इन 6 जिलों में 8 इंच तक गिर सकता है पानी
मौसम विभाग ने हरदा, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले 24 घंटे के भीतर 4 से 8 इंच तक पानी गिर सकता है। ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि मौसम खराब होने वाला है और लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। वहीं अशोकनगर, देवास, खंडवा, बैतूल, सागर, मंडला और डिंडौरी में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। यलो अलर्ट आने वाले खतरे के प्रति सचेत करने के लिए होता है।
राजधानी समेत कई इलाकों में आंधी-बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग के कई जिलों में गुरुवार को आंधी और बारिश की चेतावनी दी है। इनमें सीहोर, राजगढ़, विदिशा, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खरगोन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी शामिल हैं। इन सभी जगहों पर तेज हवाओं के साथ पानी गिरने की संभावना है।
इंदौर में बारिश से आफत, नाले में गिरी गाड़ी
बुधवार को इंदौर के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। इसके चलते वार्ड नंबर 80 में दुकानों के अंदर पानी घुस गया और कई सड़कें जलमग्न हो गईं यानी पूरी तरह पानी में डूब गईं। इसी दौरान एक गाड़ी नाले में गिर गई जिसमें पूरा परिवार सवार था। मौके पर मौजूद लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
तेज बहाव में बह गए 2 युवक, 1 लापता
इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के अहीरखेड़ी-काकड़ इलाके में एक रपटा पार करते समय 2 बाइक सवार युवक पानी के तेज बहाव में बह गए। दोनों युवकों की उम्र 20 से 22 साल के बीच बताई जा रही है। इनमें से मनीष नाम के युवक को लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि महेश नाम का युवक पानी के तेज बहाव में लापता हो गया। पुलिस और राहत बचाव दल मौके पर पहुंचकर उसकी तलाश में जुटे हैं।



