रीवा के श्रीरामानुज संस्कृत परिसर में 243 नए पदों पर भर्ती होगी। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने दी मंजूरी

टीआरपी। मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा स्थित महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय के श्रीरामानुज संस्कृत परिसर के विकास के लिए 243 नए शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों के सृजन के प्रस्ताव की उच्च स्तरीय समीक्षा की है। अगले तीन वर्षों में चरणबद्ध रूप से इन पदों को भरकर परिसर को भारतीय ज्ञान परंपरा और शोध का एक विश्वस्तरीय केंद्र बनाया जाएगा।

इस निर्णय से विंध्य क्षेत्र सहित पूरे क्षेत्र के युवाओं को संस्कृत, वेद, ज्योतिष और भारतीय दर्शन जैसे पारंपरिक विषयों में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा और शोध के आधुनिक अवसर मिलेंगे। साथ ही, 243 सरकारी पदों की मंजूरी से स्थानीय स्तर पर रोजगार के बड़े अवसर खुलेंगे और विंध्य की सांस्कृतिक व शैक्षणिक पहचान मजबूत होगी।

श्रीरामानुज संस्कृत परिसर का होगा कायाकल्प

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में आयोजित बैठक में स्पष्ट किया कि आवश्यक मानव संसाधन मिलने से इस परिसर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP) और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के मानकों के तहत एक उत्कृष्ट शैक्षणिक माहौल तैयार होगा। बैठक में उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अनुपम राजन भी मौजूद रहे, जिन्हें उप मुख्यमंत्री ने भर्ती और विभागों के सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

See also  छत्तीसगढ़ में 12वीं के प्रमाण पत्र के साथ छात्रों को आईटीआई का प्रमाण पत्र भी देने की तैयारी, सीएम भपूेश बघेल ने 10 दिनों में योजना तैयार करने को कहा

यह परिसर 5 अक्टूबर 2023 को स्थापित किया गया था और वर्तमान में यहां सीमित संसाधनों में काम चल रहा है। अब नए पदों की स्वीकृति के बाद यहां वेद, वेदान्त दर्शन, व्याकरण, ज्योतिष, वास्तुशास्त्र, योग, और हिंदू अध्ययन सहित कई नए विभागों को मजबूती दी जाएगी।

कुल नए पद: 243 पद अगले 3 वर्षों में चरणबद्ध तरीके से भरे जाएंगे।

शैक्षणिक पद: 117 पद (प्रोफेसर, सह प्राध्यापक और सहायक प्राध्यापक)।

गैर-शैक्षणिक पद: 122 पद और 4 प्रशासनिक पद शामिल हैं।

स्थापना तिथि: इस परिसर की स्थापना मध्यप्रदेश शासन द्वारा 5 अक्टूबर 2023 को की गई थी।

उप मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, यूजीसी (UGC) गाइडलाइंस के तहत इन सभी पदों पर भर्ती और नए विभागों की स्थापना के लिए विस्तृत प्रस्ताव जल्द ही तैयार कर अंतिम मंजूरी के लिए भेजा जाएगा, जिसके बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी।