रायपुर। पार्षद के लेटरहेड और हस्ताक्षर का फर्जी इस्तेमाल कर जन्म प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड और मृत्यु प्रमाण-पत्र बनाने वाले आर्यन च्वॉइस सेंटर के संचालक को आजाद चौक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी विपीन केशरी मंगल बाजार में सेंटर चलाता था। पुलिस ने मौके से लैपटॉप, कलर प्रिंटर और लैमिनेशन मशीन भी जप्त की है।

पार्षद की शिकायत पर FIR

वार्ड क्र. 37 शहीद चूडामणी नायक के निर्वाचित पार्षद दीपक जायसवाल, निवासी खपराभट्ठी आजाद चौक ने थाना आजाद चौक में शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप था कि आर्यन च्वॉइस सेंटर उनके नाम के लेटरहेड और फर्जी हस्ताक्षर का उपयोग कर नगर निगम से जुड़े दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी कर रहा है।

पार्षद की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ धारा 336(3), 340(2), 318(4) बीएनएस के तहत अपराध क्रमांक 142/26 दर्ज किया गया।

च्वॉइस सेंटर में रेड, आरोपी ने कबूला जुर्म

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी आजाद चौक के नेतृत्व में टीम ने मंगल बाजार स्थित आर्यन च्वॉइस सेंटर पर दबिश दी। सेंटर में मौजूद संचालक विपीन केशरी से पूछताछ में उसने पार्षद के नाम का लेटरहेड और हस्ताक्षर का अनधिकृत इस्तेमाल कर जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड बनाना स्वीकार किया।

See also  फर्जीवाड़ा : EWS कोटे के तहत MBBS में प्रवेश के लिए फर्जी तरीके से "गरीब" बन रहे हैं लोग, असली गरीबों का मार रहे हैं हक

जप्त किया गया सामान

पुलिस ने आरोपी विपीन केशरी, पिता राकेश चंद्र केशरी, उम्र 38 साल, निवासी कटरा बाजार, जिला भदाई, UP, हाल पता अश्वनी नगर, रायपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से प्रकरण से जुड़ा 1 लैपटॉप, 1 कलर प्रिंटर और 1 लैमिनेशन मशीन जप्त की गई है।