महासमुंद। लगातार बारिश के बीच रविवार को महासमुंद के खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम जोगी डीपा में बड़ा हादसा टल गया। यहां पुलिया निर्माण कार्य में लगे 14 मजदूर अचानक आए बाढ़ के पानी में फंस गए थे। जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष की सूचना पर नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने समय रहते पहुंचकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी मजदूर स्वस्थ हैं।

अचानक बढ़े पानी में फंसे 10 पुरुष और 4 महिला मजदूर

जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि जोगी डीपा में पुलिया निर्माण स्थल पर पानी अचानक बढ़ गया है। वहां काम कर रहे मजदूर चारों तरफ से पानी से घिर गए थे। स्थिति की गंभीरता देखते हुए प्रशासन ने तुरंत नगर सेना की बचाव टीम को रवाना किया।

तेज बहाव के बीच रेस्क्यू टीम ने चलाया ऑपरेशन

नगर सेना की टीम अत्याधुनिक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। पानी के तेज बहाव के बीच जवानों ने सूझबूझ और साहस दिखाते हुए रेस्क्यू चलाया। इस दौरान टीम ने रस्सी और ट्यूब का इस्तेमाल कर फंसे हुए 10 पुरुष और 4 महिला मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला।

See also  रिश्वत लेते पुलिस अधिकारी कैमरे में हुए कैद, टीआई और एएसआई को किया निलंबित

बचाव अभियान के बाद मजदूरों ने प्रशासन और रेस्क्यू टीम का आभार जताया। सभी मजदूर पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं।

प्रशासन की अपील – नदी-नालों से दूर रहें

इस घटना के बाद जिला प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने नागरिकों से अपील की है कि मानसून में नदी, नालों और निर्माणाधीन पुल-पुलियों के आसपास न जाएं। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष को सूचना दें ताकि समय पर मदद पहुंचाई जा सके।