कोण्डागांव। जिले के पलारी गांव में रविवार रात देशी मशरूम की सब्जी खाने से फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। यहां देवांगन परिवार के 8 लोग उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद जिला अस्पताल पहुंचे। इनमें से 5 को भर्ती कर उपचार किया गया, जबकि 3 को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
घर पर बनी पुटू की सब्जी खाने के बाद पड़े बीमार
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 2 बजे के बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। सभी ने घर पर पुटू यानी देशी मशरूम की सब्जी बनाकर खाई थी। कुछ घंटे बाद उल्टी, दस्त और पेट दर्द शुरू हो गया।

परिजन तुरंत सभी 8 लोगों को निजी वाहन से जिला अस्पताल कोण्डागांव लेकर पहुंचे। पीड़ितों में 2 बच्चे, 3 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं।
5 को किया गया भर्ती, पड़ोसी भी आए चपेट में
जिला अस्पताल की चिकित्सक डॉ. ईशा दुग्गड़ ने बताया कि गंभीर स्थिति को देखते हुए 5 मरीजों को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। अन्य 3 लोगों की हालत सामान्य होने पर ऑब्जर्वेशन के बाद घर भेज दिया गया।

डॉ. दुग्गड़ ने बताया कि प्रभावित परिवार ने वही मशरूम की सब्जी पड़ोसियों को भी दी थी। इसके बाद पड़ोसी परिवार के कुछ सदस्य भी फूड पॉइजनिंग की चपेट में आकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे। सभी मरीजों की अस्पताल में निगरानी की जा रही है।
डॉक्टरों की सलाह
चिकित्सकों ने ग्रामीणों से अपील की है कि बरसात में देशी मशरूम तोड़ते समय विशेष सावधानी बरतें। जहरीले और खाने योग्य मशरूम में फर्क पहचानना मुश्किल होता है। संदिग्ध मशरूम खाने से बचें और तबीयत बिगड़ने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें।


