Heavy monsoon rainfall causing waterlogging on streets in Bilaspur Chhattisgarh
Rainwater accumulates on roads after record breaking rainfall hits Chhattisgarh districts.

टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश के दौर पर अब ब्रेक लगने वाला है. राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बुधवार से मौसम का मिजाज बदलने की उम्मीद है. बीते 24 घंटे में हुई झमाझम बारिश के बाद अब तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी.

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बुधवार से वर्षा की गतिविधियों में कमी आएगी. हालांकि कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना बनी हुई है. मौसम वैज्ञानिकों ने प्रदेश के कुछ इलाकों में वज्रपात यानी आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी सतर्क किया है.

अब बढ़ेगी गर्मी

बुधवार सुबह राजधानी रायपुर में बादलों के छंटने के बाद लोगों को धूप के दर्शन हुए. मौसम विभाग ने बताया है कि अब अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी. जो सिस्टम बारिश करा रहे थे, वे अब धीरे-धीरे प्रदेश से आगे बढ़ रहे हैं और कमजोर पड़ रहे हैं.

See also  आधी रात को कांग्रेस ने भिलाई के 70 वार्डों में तय किए प्रत्याशी, पार्टी ने 24 महिलाओं को भी बनाया उम्मीदवार

सीजनल द्रोणिका (एक तरह की हवाओं की पट्टी जो मौसम में बदलाव लाती है) की स्थिति में बदलाव आ रहा है, जिसका सीधा असर प्रदेश के तापमान पर पड़ेगा. मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा.

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में बुधवार को दिन भर आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं. शहर में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और हल्की हवाएं चल सकती हैं. रायपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में धूप और उमस का असर बढ़ सकता है. हालांकि अभी भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में स्थानीय प्रभावों के कारण हल्की बारिश जारी रह सकती है.