रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार अब सड़कों की गुणवत्ता जांच के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सहारा लेगी। सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और जनमन योजना के तहत बनने वाली सड़कों की मॉनिटरिंग AI तकनीक से करने का फैसला लिया है।
AI से कैसे होगी जांच ?
उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि सबसे पहले संबंधित एजेंसी सभी निर्मित सड़कों की वीडियोग्राफी कर उनका डिजिटल डेटा तैयार करेगी। इसके बाद AI तकनीक के माध्यम से सड़कों की गुणवत्ता का विश्लेषण किया जाएगा। जांच में जहां भी निर्माण कार्य में खामियां या तय मानकों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सरकार का क्या है मकसद ?
विजय शर्मा ने कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। बेहतर काम करने वाली एजेंसियों और अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
सरकार का दावा है कि AI आधारित निगरानी व्यवस्था से सड़क निर्माण में पारदर्शिता बढ़ेगी और गुणवत्ता का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जा सकेगा।
क्यों उठाया गया ये कदम ?
सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। AI मॉनिटरिंग से अब गड़बड़ी करने वालों की पहचान आसान होगी और जनता को बेहतर सड़कें मिलेंगी।


