Fraud in The Name of Curing Cancer: देशभर में सक्रिय साइबर ठगों ने आस्था और बीमारी का सहारा लेकर लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ऐसा ही एक मामला गुंडरदेही ब्लॉक के रनचिरई थाना क्षेत्र के ग्राम सिर्री से सामने आया है। साइबर ठग किस तरह नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को शिकार बना रहे हैं, यह जानना आपके लिए भी जरूरी है।
दरअसल बालोद में कैंसर पीड़ित पति का पूजा-पाठ से इलाज कराने के नाम पर एक महिला से 13 लाख 13 हजार 673 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई। आरोपियों ने पैसे वापस दिलाने का झांसा देकर ब्लैकमेल भी किया।
टीवी पर विज्ञापन देखकर संपर्क किया, पूजा से इलाज का झांसा
सिर्री निवासी प्रेमलता चंद्राकर ने इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक उनके पति चौथे स्टेज के कैंसर से पीड़ित हैं। इसी दौरान उन्होंने आस्था हिंदी चैनल पर लक्ष्मी नारायण ज्योतिष संस्था का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में यूपी के गोंडा निवासी पंडित वेद प्रकाश तिवारी पूजा-पाठ और विशेष अनुष्ठान से गंभीर बीमारियों के इलाज का दावा कर रहे थे।
पति की जान बचाने की उम्मीद में प्रेमलता ने संस्था से संपर्क किया। फोन पर आरोपियों राहुल तिवारी, सृजन तिवारी और अन्य साथियों ने विश्वास दिलाया कि पूजा-अनुष्ठान से कैंसर पूरी तरह ठीक हो जाएगा।
छोटी रकम से शुरू, फिर लाखों की मांग
आरोपियों ने शुरुआत में छोटी रकम ली और धीरे-धीरे लाखों की मांग करने लगे। प्रेमलता ने बेटी और परिचितों से रुपये जुटाकर फोनपे, गूगल पे के जरिए ऑनलाइन भुगतान किया।
परिवार पहले से आर्थिक और मानसिक संकट में था, इसके बावजूद महिला ने सोना गिरवी रखा, रिश्तेदारों से कर्ज लिया और कुल 13,13,673 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
रकम वापस दिलाने के नाम पर नया षड्यंत्र
कुछ समय बाद खुद को असली वेद प्रकाश तिवारी बताने वाले एक व्यक्ति ने वीडियो कॉल किया। उसने कहा कि राहुल और सृजन ने उसके नाम का दुरुपयोग कर ठगी की है और 2 महीने में पूरी रकम वापस करवा देगा।
इसके बाद आरोपियों ने नया जाल बुना। फोन पर बताया गया कि राहुल तिवारी के पिता ने आत्महत्या कर ली है और सुसाइड नोट में प्रेमलता का नाम भी लिखा है। आरोपियों ने धमकी दी कि यूपी पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने आ सकती है। इसी दौरान उन्होंने महिला से आधार कार्ड, पैन कार्ड और फोटो भी मंगवा लिए।
डिजिटल साक्ष्यों की जांच करेगी पुलिस
प्रेमलता चंद्राकर ने पुलिस से धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र, ब्लैकमेलिंग, धमकी और IT एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही ठगी गई पूरी राशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
पुलिस ने आवेदन ले लिया है। आवेदन में दिए गए मोबाइल नंबर, बैंक खाते, UPI ट्रांजेक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच की जाएगी। जांच के बाद संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई होगी।
FAQ:
सवाल 1: मामला कहां का है?
जवाब: बालोद जिले के गुंडरदेही ब्लॉक, रनचिरई थाना क्षेत्र के ग्राम सिर्री का मामला है।
सवाल 2: कितने रुपये की ठगी हुई?
जवाब: कैंसर के इलाज के नाम पर 13 लाख 13 हजार 673 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई।
सवाल 3: ठगों ने कैसे फंसाया?
जवाब: TV पर पूजा-पाठ से कैंसर ठीक करने का विज्ञापन देकर, फिर धीरे-धीरे पैसे मंगवाकर और बाद में ब्लैकमेल कर।
सवाल 4: आरोपियों ने क्या धमकी दी?
जवाब: हत्या के केस में फंसाने और यूपी पुलिस से गिरफ्तारी की धमकी दी। साथ ही आधार-पैन की जानकारी ली।
सवाल 5: पुलिस ने क्या कहा?
जवाब: पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। मोबाइल नंबर, बैंक खाते और UPI के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।


