NEET 2026 Protest: नीट प्रदर्शन के दौरान रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों में लहराए गए कथित आपत्तिजनक पोस्टरों और सोशल मीडिया पर वायरल फोटो-वीडियो को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। विभिन्न जिलों में शिकायतें मिलने के बाद पुलिस संबंधित लोगों की पहचान करने में जुट गई है।

पुलिस केवल पोस्टर लहराने वालों की ही नहीं, बल्कि आपत्तिजनक सामग्री को सोशल मीडिया पर अपलोड, साझा और प्रसारित करने वालों की भूमिका की भी जांच कर रही है। प्रदेश के सभी जिलों की पुलिस को सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज की जाएगी।

रायपुर प्रदर्शन में उठे सवाल

रायपुर के कलेक्टोरेट चौक स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा के पास आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन में कुछ नाबालिग भी मौजूद थे। शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि कुछ प्रतिभागियों के हाथों में अशोभनीय और आपत्तिजनक भाषा वाले पोस्टर दिए गए थे। साथ ही प्रदर्शन के लिए प्रशासनिक अनुमति को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। इन सभी बिंदुओं की पुलिस जांच कर रही है।

See also  फिर ट्रेनें कैंसिल : छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 24 ट्रेनें 29 अगस्त तक रद्द

सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री भी जांच के दायरे में

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शन से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए हैं। इन्हें पोस्ट करने, साझा करने और प्रसारित करने वाले खातों की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में कानून का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

किन धाराओं में हो सकती है कार्रवाई?

कानूनी जानकारों के अनुसार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के बावजूद सार्वजनिक स्थान पर अश्लील या आपत्तिजनक पोस्टर प्रदर्शित करना दंडनीय हो सकता है। ऐसे मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 294 के तहत कार्रवाई की जा सकती है। यदि किसी पोस्टर में महिला का अशोभनीय चित्रण पाया जाता है, तो स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम के प्रावधान भी लागू हो सकते हैं। इसके अलावा यदि किसी सामग्री से सार्वजनिक शांति भंग होने या लोगों में तनाव फैलने की आशंका हो, तो बीएनएस की धारा 296 के तहत भी कार्रवाई का प्रावधान है।

See also  फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं, अप-डाउन की कुल 20 उड़ानें रद्द, हजारों यात्रियों ने टिकट किया कैंसिल