बांसाझाल पुल टूटने के बाद बीच में फंसी यात्रियों से भरी बस
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के बांसाझाल पुल के ढहने के बाद बीच पुल पर फंसी यात्री बस।

Bansajhal Bridge Collapse: बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर रविवार को बड़ा हादसा टल गया। बांसाझाल स्थित जर्जर पुल अचानक दो हिस्सों में टूटकर ढह गया। उसी समय पुल से गुजर रही यात्रियों से भरी बस बीच पुल पर फंस गई। राहत की बात यह रही कि बस नदी में नहीं गिरी और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों और बस के सहचालक (कंडक्टर) के अनुसार, जैसे ही बस बांसाझाल पुल के बीच पहुंची, तेज धमाके के साथ पुल का स्लैब धंस गया। देखते ही देखते पुल दो हिस्सों में बंट गया और बस टूटे हुए हिस्से के किनारे पर जाकर अटक गई। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

बड़ा हादसा टला, सभी यात्री सुरक्षित

बस पुल से नीचे नदी में गिरने से बाल-बाल बच गई। हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय पर राहत मिलने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। पुल ढहने के बाद बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। इसके कारण मनेंद्रगढ़, बिलासपुर, पेंड्रा, गौरेला, अमरकंटक और पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के जबलपुर के बीच सीधा सड़क संपर्क प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और कई यात्री बसें व मालवाहक वाहन रास्ते में फंस गए हैं।

See also  Veer Bal Diwas: आज वीर बाल दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, इंडोर स्टेडियम में सुरुज कवि सम्मेलन में करेंगे शिरकत

प्रशासन ने शुरू किया राहत कार्य

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने और वैकल्पिक मार्गों से यातायात बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से फिलहाल इस मार्ग पर यात्रा नहीं करने और डायवर्जन रूट का उपयोग करने की अपील की है।