Commonwealth Games 2026: ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनकी उपलब्धि पर 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की सफलता पूरे प्रदेश का गौरव है और प्रदेश की बेटियों व युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने किया सम्मान, कहा- यह पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई देते हुए कहा कि अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर उन्होंने यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और कठिन परिश्रम से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर ज्ञानेश्वरी ने न केवल भारत के लिए पदक जीता, बल्कि छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में भी एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है।

30 लाख रुपये और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पदोन्नति
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही, उनकी उपलब्धि के सम्मान में उन्हें आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक खिलाड़ी का नहीं, बल्कि प्रदेश की प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प का सम्मान है।
सीमित संसाधनों से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद अपने सपनों को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के बल पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए यह संदेश है कि स्पष्ट लक्ष्य और ईमानदार मेहनत से कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।

खेल प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग दे रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना, विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर कोचिंग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां छत्तीसगढ़ का हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके।
ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक खिलाड़ी ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करें और तिरंगा लहराएं। उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने शानदार प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ का नाम विश्व मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।


