कांकेर। जिला मुख्यालय से 15 KM दूर ग्राम मरकाटोला, लारागांव में आज सुबह मादा भालू के हमले से 2 ग्रामीणों की मौत हो गई, वहीं एक की हालत गंभीर है। हमले के बाद वन विभाग ने रेस्क्यू कर भालू को पकड़ लिया।
रायपुर से पहुंची वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद भालू को ट्रैंक्विलाइजर डार्ट से बेहोश कर काबू किया। भालू को सुरक्षित वाहन में जिला मुख्यालय लाया गया है।
घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश दोनों है। ग्रामीणों ने भालू पर हमले की कोशिश भी की, जिसे पुलिस ने रोका।
सुबह किया हमला: 2 की मौत, 1 गंभीर घायल
बताया जाता है कि एक दिन पहले इसी गांव के जंगल में एक भालू मृत पाया गया था। मृत भालू के आसपास अन्य भालुओं का झुंड को मंडराते हुए भी देखा गया था। इसके बाद आज सुबह एक मादा भालू ने तीन ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले में दो ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल देखा गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई है। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी नाराजगी है और वे वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन: 4 घंटे बाद पकड़ा गया आदमखोर भालू
हमले के बाद ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने रेस्क्यू शुरू किया। आक्रामक भालू को वन विभाग ने आखिरकार रेस्क्यू अभियान के दौरान पकड़ लिया। रायपुर से पहुंची वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद भालू को ट्रैंक्विलाइजर डार्ट की मदद से बेहोश कर काबू में किया। रेस्क्यू के दौरान भालू ने वन विभाग के वाहन पर भी हमला किया। लेकिन टीम ने संयम से काम लेते हुए उसे काबू कर लिया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे जिला मुख्यालय ले जाया गया।

ग्रामीण भड़के: भालू पर हमले की कोशिश, धक्का-मुक्की
भालू के बेहोश होने के बाद कुछ ग्रामीण भड़क गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लोगों ने भालू पर हमला करने की कोशिश की।इसे रोकने पहुंचे वन अमले और पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित किया और भालू को सुरक्षित ले जाया गया।
विधायक मौके पर, वन विभाग पर उठे सवाल
कांकेर विधायक आशाराम नेताम घटना की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष लगातार बढ़ रहा है। प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे। शावक की मौत के बाद मादा भालू के आक्रामक होने से गांव में भय है।
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद होगा आगे का निर्णय
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भालू का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार उसे सुरक्षित स्थान पर रखा जाएगा। पूरे रेस्क्यू अभियान की निगरानी वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम ने की।
मरकाटोला गांव में हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों में अब भी भय और आक्रोश का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और वन विभाग के साथ सहयोग करने की अपील की है। वहीं, वन विभाग घटना के कारणों की जांच कर रहा है।
FAQ: कांकेर मादा भालू हमला और रेस्क्यू
सवाल 1. कहां और कितना नुकसान ?
कांकेर के मरकाटोला गांव में हमले में 2 की मौत, 1 गंभीर घायल
सवाल 2. भालू को कैसे पकड़ा ?
रायपुर की विशेषज्ञ टीम ने ट्रैंक्विलाइजर डार्ट से बेहोश कर पकड़ा
सवाल 3. हमले की वजह ?
1 दिन पहले शावक की मौत के बाद मादा भालू के आक्रामक होने की आशंका
सवाल 4. अब भालू कहां ?
जिला मुख्यालय में, स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सुरक्षित स्थान पर रखा जाएगा
सवाल 5. ग्रामीण क्या मांग कर रहे ?
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और पीड़ित परिवारों को मुआवजा


