Homemade Paneer: दूध और उससे बने उत्पाद शरीर को कैल्शियम, प्रोटीन और कई जरूरी पोषक तत्व देते हैं। लेकिन बाजार में मिलावटी और तथाकथित एनालॉग पनीर की बढ़ती चर्चा ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
ऐसे में अगर आप शुद्ध और ताजा पनीर खाना चाहते हैं तो इसे घर पर बनाना सबसे सुरक्षित विकल्प हो सकता है। घर का बना पनीर स्वादिष्ट होने के साथ-साथ गुणवत्ता और स्वच्छता के मामले में भी भरोसेमंद रहता है।
क्या है एनालॉग पनीर और क्यों हो रही है इसकी चर्चा?
एनालॉग पनीर ऐसा उत्पाद होता है जो हमेशा पारंपरिक तरीके से दूध से तैयार नहीं किया जाता। मिलावट के मामलों में इसे मैदा, अरारोट, पाम ऑयल, सिंथेटिक केमिकल्स या अन्य घटिया सामग्री मिलाकर तैयार किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे उत्पाद न केवल स्वाद और गुणवत्ता को प्रभावित करते हैं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी जोखिम पैदा कर सकते हैं। इसी वजह से विशेषज्ञ भी सलाह देते हैं कि पनीर हमेशा भरोसेमंद स्रोत से खरीदें या फिर घर पर तैयार करें।
घर पर शुद्ध पनीर बनाने की सामग्री
2 लीटर फुल क्रीम दूध
2 बड़े चम्मच नींबू का रस
घर पर पनीर बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले एक बड़े पैन में 2 लीटर फुल क्रीम दूध डालकर मध्यम आंच पर उबालें।
- दूध को 8 से 10 मिनट तक उबलने दें और बीच-बीच में चलाते रहें ताकि वह तले में न लगे।
- जब दूध अच्छी तरह उबलकर ऊपर आने लगे तो गैस बंद कर दें और लगभग 1 मिनट तक रहने दें।
- अब धीरे-धीरे नींबू का रस डालते जाएं और चम्मच से हल्के हाथ से चलाते रहें।
- यदि दूध पूरी तरह नहीं फटे तो थोड़ा और नींबू का रस मिला सकते हैं।
- ध्यान रखें कि जरूरत से ज्यादा नींबू का रस डालने से पनीर सख्त हो सकता है।
- दूध फटने के बाद मट्ठा (हरा-पीला पानी) अलग दिखाई देने लगेगा।
- अब एक छलनी में मलमल का कपड़ा बिछाकर मिश्रण को छान लें।
- पनीर पर थोड़ा साफ पानी डाल दें ताकि नींबू की खटास निकल जाए।
- यदि नरम या क्रम्बल्ड पनीर चाहिए तो 2 मिनट बाद ही इस्तेमाल कर सकते हैं।
- ठोस पनीर बनाने के लिए कपड़े में बांधकर उसके ऊपर कोई भारी वजन रखें।
- इसे 1 से 2 घंटे तक दबाकर रखें। इसके बाद शुद्ध घर का बना पनीर तैयार हो जाएगा।
घर पर पनीर बनाने के फायदे
- मिलावट की चिंता नहीं रहती।
- ताजा और शुद्ध पनीर मिलता है।
- स्वाद बेहतर रहता है।
- प्रोटीन और कैल्शियम का अच्छा स्रोत मिलता है।
- जरूरत के अनुसार नरम या सख्त पनीर तैयार किया जा सकता है।
पनीर बनाते समय रखें ये जरूरी सावधानियां
- हमेशा फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करें।
- दूध में उबाल आने के बाद ही नींबू का रस डालें।
- जरूरत से ज्यादा एसिड न मिलाएं।
- इस्तेमाल किए जाने वाले बर्तन और कपड़ा पूरी तरह साफ हों।
- तैयार पनीर को फ्रिज में रखें और 1-2 दिन के भीतर उपयोग कर लें।
घर का पनीर क्यों है बेहतर विकल्प?
घर में तैयार पनीर की सबसे बड़ी खासियत उसकी शुद्धता है। इसमें किसी तरह के कृत्रिम पदार्थ या अनचाही मिलावट का खतरा नहीं रहता। साथ ही आप इसकी गुणवत्ता और ताजगी पर पूरा भरोसा कर सकते हैं।


