Raipur City Crime: रायपुर। राजधानी रायपुर में पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती डालने की योजना बना रहे तीन आरोपियों को गुढ़ियारी थाना पुलिस ने पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और 2500 रुपए बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवांश शर्मा (दिल्ली), सुशांत कुमार पासवान (दिल्ली) और मयंक सिंह (मुजफ्फरपुर, बिहार) के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 19 वर्ष है। मामले में दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी उत्तर दीपमाला कश्यप ने बताया, कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर प्रोएक्टिव पुलिसिंग की जा रही है। बुधवार की रात को मुखबिरों से सूचना मिली, कि कुछ संदिग्ध युवक गैस कटर की तलाश में है। रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नए रोड पर इकट्ठा होकर बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।

आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और 2500 रुपए बरामद किए गए हैं।
आरोपी गैस कटर की तलाश में निकले थे, तभी मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती का प्लान था।
Raipur City Crime: अप्रैल में रेकी कर चुके थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने से पहले एक आरोपी ने 1 अप्रैल 2026 को ज्वेलर्स की रेकी की थी। उसने दुकान की सुरक्षा व्यवस्था, आसपास के रास्तों और भागने के संभावित रूट की जानकारी जुटाकर फोटो अन्य साथियों को भेजी थी। फरार आरोपी लगातार मोबाइल के जरिए पूरी योजना की मॉनिटरिंग कर रहे थे। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस अब फरार आरोपियों, हथियारों की व्यवस्था और पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है।


