CG Government Jobs 2026: छत्तीसगढ़ सरकार ने सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। राज्य में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी की भर्तियों के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल नियम-2026 लागू कर दिए गए हैं। नए नियमों के तहत अब भर्ती परीक्षाओं में वेटिंग लिस्ट जारी नहीं होगी और अंतिम परिणाम घोषित होने के 40 दिनों के भीतर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देना अनिवार्य होगा।
एक ही मेरिट सूची से होगा चयन
नए नियमों के अनुसार लिखित परीक्षा और कौशल परीक्षा के बाद केवल एक अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी। इसके बाद न तो वेटिंग लिस्ट बनेगी और न ही आरक्षित सूची जारी होगी। यदि कोई अभ्यर्थी नियुक्ति नहीं लेता है तो उसकी जगह किसी अन्य अभ्यर्थी को मौका नहीं मिलेगा। अंतिम चयन सूची की वैधता छह महीने तक रहेगी।
अधिकारियों के लिए तय हुई समय-सीमा
सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में देरी रोकने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की है। अंतिम चयन सूची जारी होने के 10 दिनों के भीतर संबंधित विभाग को नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करनी होगी। दस्तावेजों के मूल सत्यापन के बाद 10 दिनों के भीतर नियुक्ति पत्र जारी करना अनिवार्य होगा। यदि किसी स्तर पर अनावश्यक देरी होती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अभ्यर्थियों को दस्तावेज अपलोड करने के लिए 15 दिन
चयन सूची में नाम आने के बाद अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक और अन्य जरूरी दस्तावेज 15 दिनों के भीतर ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। यदि तय समय में दस्तावेज जमा नहीं किए गए तो उनकी दावेदारी निरस्त कर दी जाएगी। इसके बाद संबंधित कार्यालय को 30 दिनों के भीतर सभी दस्तावेजों का सत्यापन करना होगा। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर इस समय-सीमा में कोई विस्तार नहीं दिया जाएगा।
हर साल अगस्त में जारी होगा भर्ती कैलेंडर
नए नियमों के तहत छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल अब हर वर्ष अगस्त महीने में भर्ती कैलेंडर जारी करेगा। इसमें तृतीय और चतुर्थ श्रेणी की भर्तियों के साथ विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं की संभावित तिथियां भी शामिल रहेंगी। इससे अभ्यर्थियों को पहले से तैयारी की योजना बनाने और परीक्षा कार्यक्रम की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।


