Fraud Involving SIM Card: मोबाइल सिम खरीदते समय जरा सी लापरवाही आपको फ्रॉड में फंसा सकती है। दुर्ग पुलिस ने ऐसे ही एक मामले में कार्रवाई करते हुए भिलाई नगर की एक सिम विक्रेता युवती को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आधार कार्ड और बायोमेट्रिक का दुरुपयोग कर फर्जी सिम जारी करने का आरोप है।
थाना भिलाई नगर में एक व्यक्ति ने शिकायत की कि उसने नया सिम लेने के लिए दस्तावेज और बायोमेट्रिक दिए थे। दुकानदार ने तकनीकी समस्या बताकर सिम नहीं दिया। बाद में साइबर जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता के नाम से एयरटेल सिम क्रमांक 6232****38 जारी कर किसी दूसरे व्यक्ति को दे दिया गया था। इस मामले में अपराध क्रमांक 148/2025 धारा 419, 420 IPC के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
ऐसे किया जा रहा था फर्जीवाड़ा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सिम बेचने के नाम पर ग्राहक से आधार, लाइव फोटो और बायोमेट्रिक ले लेती थी। फिर तकनीकी दिक्कत का बहाना बनाकर सिम देने से मना कर देती थी। लेकिन उन्हीं दस्तावेजों से ग्राहक के नाम पर सिम एक्टिव कर किसी और को बेच देती थी।
आरोपी गिरफ्तार, दस्तावेज जब्त
विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर आरोपी निशा सैंड, उम्र 22 वर्ष, निवासी खुर्सीपार, दुर्ग को गिरफ्तार किया गया। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। प्रकरण से जुड़े दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं। मामले में अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
दुर्ग पुलिस की अपील: ये सावधानियां जरूर बरतें
इस कार्रवाई में थाना भिलाई नगर की विवेचना टीम और साइबर तकनीकी सहायता टीम की अहम भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से ये अपील की है:
1. सिम सिर्फ अधिकृत विक्रेता से ही लें और बायोमेट्रिक उसी के सामने दें
2. तकनीकी समस्या बताकर सिम न देने पर तुरंत आपत्ति दर्ज करें
3. अपने नाम पर जारी सिम की जानकारी समय-समय पर चेक करें
4. संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत नजदीकी थाना या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें
पुलिस ने कहा है कि साइबर और धोखाधड़ी में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
FAQ: दुर्ग सिम फर्जीवाड़ा मामला
सवाल: क्या हुआ था दुर्ग में ?
सिम विक्रेता ने आधार और बायोमेट्रिक का दुरुपयोग कर फर्जी सिम जारी कर दिया
सवाल 2. आरोपी कौन है ?
निशा सैंड, 22 वर्ष, निवासी खुर्सीपार, दुर्ग
सवाल 3 कैसे होता था फर्जीवाड़ा ?
ग्राहक से दस्तावेज लेकर सिम न देकर उसी आईडी से दूसरों को सिम बेच देना
सवाल 4. किस धारा में केस दर्ज हुआ ?
IPC की धारा 419, 420 के तहत
सवाल 5. नागरिक क्या सावधानी बरतें ?
सिर्फ अधिकृत दुकान से सिम लें, बायोमेट्रिक का दुरुपयोग दिखे तो 1930 या थाने में शिकायत करें


