Balrampur: वाड्रफनगर के प्रेमनगर स्थित डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में दो छात्रों की स्टंप से पिटाई के मामले में स्कूल प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के बाद आरोपी शिक्षक को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि दोनों छात्रों के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद और मारपीट हुई थी। बाद में इन्हें प्रिंसिपल के कक्ष में बुलाया गया जहां दोनों छात्रों की पिटाई की गई। सीसीटीवी फुटेज में देखने के बाद शिक्षक द्वारा छात्रों के साथ मारपीट का तरीका गंभीर माना गया, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने कार्रवाई की।

आपसी लड़ाई के बाद शिक्षक ने की पिटाई
स्कूल में दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद और मारपीट हो गई थी। इसी दौरान मौके पर पहुंचे फिजिकल एजुकेशन टीचर गंगाधर बेहरे ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों छात्रों को प्राचार्य के कक्ष में बुलवाया। यहां गंगाधर और एक अन्य शिक्षक ने दोनों को फटकार लगाई। इस बीच पीटीआई गंगाधर ने छात्रों की क्रिकेट के स्टंप से पिटाई कर दी। दरअसल इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया। फुटेज में शिक्षक छात्रों की पिटाई करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान एक वरिष्ठ शिक्षक भी कुर्सी पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं।

पालकों की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
घटना के बाद छात्रों के पालकों ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की और शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रबंधन ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की।
जांच में सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर प्रबंधन ने शिक्षक गंगाधर बेहरे को दोषी पाया और तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया। बता दें कि बर्खास्त किये गए शिक्षक स्कूल में संविदा पर कार्यरत थे।
स्कूल प्रबंधन ने दी सख्ती की चेतावनी
मामला वाड्रफनगर के प्रेमनगर स्थित डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल का है। शिक्षक की बर्खास्तगी के बाद स्कूल प्रबंधन ने कहा है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी और विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

FAQ: बलरामपुर DAV स्कूल पिटाई मामला
कहां का मामला है?
बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर, प्रेमनगर स्थित डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल।
क्या हुआ था?
दो छात्रों की आपसी लड़ाई के बाद शिक्षक ने स्टंप से दोनों की पिटाई कर दी।
कार्रवाई क्या हुई?
सीसीटीवी फुटेज और जांच के बाद आरोपी शिक्षक को स्कूल प्रबंधन ने बर्खास्त कर दिया।
मामला कैसे सामने आया?
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया और पालकों ने स्कूल से शिकायत की।
स्कूल प्रबंधन ने आगे क्या कहा?
विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने पर जोर दिया।


