Air Taxi India: भारत में बढ़ते ट्रैफिक के बीच Air Taxi की शुरुआत को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। केंद्रीय उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा है कि भारत अगले दो वर्षों में eVTOL का संचालन शुरू कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत दुनिया के लिए उन्नत हवाई परिवहन समाधानों का डिजाइन और निर्माण करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
Air Taxi को लेकर केंद्रीय मंत्री ने क्या कहा?
केंद्रीय उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने सोशल मीडिया पर eVTOL तकनीक को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि देश का तीसरा eVTOL Design Organisation Approval (DOA) सौंपा गया है। मंत्री ने कहा कि दो साल के भीतर भारत न केवल eVTOL का संचालन करेगा, बल्कि दुनिया के लिए उन्नत हवाई परिवहन समाधानों का डिजाइन और निर्माण भी करेगा। उन्होंने यह बात उस दिन कही, जब इतिहास में विल्बर राइट ने अपनी पहली सार्वजनिक उड़ान का प्रदर्शन किया था।
सरला एविएशन को मिला डिजाइन अप्रूवल
बेंगलुरु की सरला एविएशन को डिजाइन अप्रूवल दिया गया है। इस मौके पर कंपनी के सह-संस्थापक और CTO राकेश गांवकर ने कहा कि कंपनी हर 18 महीने में एक नया प्रोटोटाइप तैयार करती है। उन्होंने बताया कि अगला प्रोटोटाइप जनवरी 2027 में आएगा और इसकी उड़ान को अंजाम दिया जाएगा। उनके मुताबिक, विकसित भारत 2047 की दिशा में Air Taxi भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और उनकी टीम इसे साकार करने की दिशा में काम कर रही है।
क्या है eVTOL विमान?
eVTOL का मतलब Electric Vertical Take-Off and Landing है। यह ऐसी तकनीक है जिसमें विमान को वर्टिकल तरीके से उड़ाया और उतारा जा सकता है। इसके लिए पारंपरिक विमान की तरह लंबे रनवे की जरूरत नहीं होती।
इस तकनीक के जरिए कम जगह से उड़ान भरना और लैंडिंग करना संभव हो सकता है। यही वजह है कि शहरी परिवहन में eVTOL को भविष्य की तकनीक के तौर पर देखा जा रहा है।
Air Taxi से क्या होगा फायदा?
भारत के बड़े शहरों में लगातार बढ़ते ट्रैफिक के बीच Air Taxi से लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक तेजी से पहुंचाने में मदद मिल सकती है। सड़क पर लगने वाले जाम से बचते हुए हवाई मार्ग से सफर किया जा सकेगा।


