रायपुर। एनडीए ने राष्ट्रपति पद के लिए आदिवासी नेत्री द्रौपदी मुर्मू को उम्मीदवार बनाया है। द्रौपदी को उम्मीदवार बनाने के बाद छत्तीसगढ़ के आदिवासी विधायकों में हलचल तेज हो गई है। प्रदेश में आदिवासी वर्ग के लिए 29 विधानसभा सीट आरक्षित है। इनमें से 27 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है वहीं दो आदिवासी विधायक भाजपा से हैं।

हालांकि कांग्रेस ने राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को समर्थन दिया है। ऐसे में कांग्रेस के आदिवासी विधायक यशवंत सिन्हा के पक्ष में मतदान कर सकते हैं। छत्तीसगढ़ के दो आदिवासी विधायक ननकीराम कंवर और डमरूधर पुजारी एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करेंगे। राष्ट्रपति चुनाव के लिए जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जकांछ) ने द्रौपदी का समर्थन किया है। वहीं, बसपा के दो विधायक हैं, जो केंद्रीय नेतृत्व के निर्णय के आधार पर वोट करेंगे।

बता दें कि भाजपा ने पहली बार किसी आदिवासी महिला को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है। इससे आदिवासी वर्ग से आने वाले विधायकों में अलग उत्साह है। द्रोपदी मुर्मू भारत में आदिवासी समाज से पहली राज्यपाल बनीं और अब वे भारत की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति होंगी। जकांछ के तीन विधायकों का समर्थन मिलने से अब एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी के पक्ष में 17 विधायक हो गए हैं।

See also  श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री साय का संबोधन

आदिवासी समाज का बढ़ेगा गौरव : जोगी

वहीं, जनता कांग्रेस अध्यक्ष अमित जोगी ने द्रौपदी का समर्थन करते हुए छत्तीसगढ़ के सभी विधायकों से उनके पक्ष में मतदान की अपील की है। अमित जोगी ने कहा कि मेरे पिता स्व. अजीत जोगी, द्रौपदी मुर्मू का बेहद सम्मान करते थे। छत्तीसगढ़ आदिवासी बहुल्य राज्य है, इसलिए मेरा छत्तीसगढ़ के सभी विधायकों से अनुरोध है कि आदिवासी सम्मान के लिए दलगत निष्ठा से ऊपर उठकर राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को अपना मत दें। देश के सर्वोच्च पद पर पहली बार एक आदिवासी के आसीन होने से देश और आदिवासी समाज का गौरव बढ़ेगा।

कांग्रेस के 27 आदिवासी विधायक

कांग्रेस से आदिवासी वर्ग से गुलाब कमरो, प्रेमसाय सिंह टेकाम, बृहस्पत सिंह, चिंतामणि महाराज, डा प्रीतम राम, अमरजीत भगत, विनय भगत, मोहन मरकाम, राजमन बेंजाम, कवासी लखमा, देवती कर्मा, चंदन कश्यप, लखेश्वर बघेल, विक्रम मंडावी, संतराम नेताम, शिशुपाल सोरी, मनोज मंडावी, अनूप नाग, इंद्रशाह मंडावी, अनिला भेड़िया, लक्ष्मी ध्रुव, केके ध्रुव, मोहित राम, लालजीत राठिया, चक्रधर सिंह सिदार, रामपुकार सिंह, यूडी मिंज विधायक हैं।

See also  छत्तीसगढ़ समेत इन 6 राज्यों में लगेगा सर्वाइकल कैंसर रोधी टीका

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू और वॉट्सएप, पर