BJP Sarcasm On Congress - बृजमोहन बोले, 5 साल अपमान झेले, एक विभाग छोड़ना पड़ा, 3 महीने में क्या कर लेंगे ?
BJP Sarcasm On Congress - बृजमोहन बोले, 5 साल अपमान झेले, एक विभाग छोड़ना पड़ा, 3 महीने में क्या कर लेंगे ?

टीआरपी डेस्क

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने मंत्री टी.एस. सिंहदेव को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर कांग्रेस और प्रदेश सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि केन्द्रीय नेतृत्व के दबाव में टी एस सिंहदेव ने उपमुख्यमंत्री का पद तो मन मसोसकर स्वीकार कर लिया है, पर क्या वह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को स्वीकार कर पाएंगे, जिन्होंने पौने पांच साल के शासनकाल में उन्हें हर मौकों पर अपमानित किया है। श्री अग्रवाल ने कहा कि जो पौने पांच वर्ष तक अपमान के घूंट पीते रहे और जिन्हें अपना एक मंत्रालय तक छोड़ना पड़ा, वह सिंहदेव तब कुछ नहीं कर पाए तो अब बाकी बचे तीन महीनों में क्या खाक कर पाएंगे?

बीजेपी के पूर्व मंत्री ने कहा कि सिंहदेव को उपमुख्यमंत्री पद का झुनझुना थमाकर भी कांग्रेस को इससे कोई फायदा नहीं होने वाला है। सिंहदेव ने उपमुख्यमंत्री पद तो स्वीकार किया है, लेकिन पूरे कांग्रेस शासनकाल में मुख्यमंत्री बघेल द्वारा किए गए अपने अपमान का बदला अगले विधानसभा चुनाव में वे जरूर लेंगे। श्री अग्रवाल ने कहा कि इस ताजा फैसले से कांग्रेस को नुकसान ही होगा। उपमुख्यमंत्री पद स्वीकार करने से सिंहदेव का भी बचा-खुचा जनाधार व इज्जत खत्म हो जाएगा, और उनकी पदलोलुपता प्रदर्शित हो गई है और इससे भाजपा को ही राजनीतिक लाभ मिलेगा। श्री अग्रवाल ने कहा कि जिस सरगुजा संभाग से उपमुख्यमंत्री सिंहदेव आते हैं, वहां के पूरे कार्यकर्ता सिंहदेव से इन साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में नाराज हो चुके हैं।

See also  आखिरकार जेल भेजे गए मुंगेली नगरपालिका अध्यक्ष सोनकर, बिना निर्माण कराये 13 लाख रूपये गबन करने का मामला

भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि उपमुख्यमंत्री पद पर सिंहदेव की नियुक्ति से यह साबित हो गया है कि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने भी इस बात को स्वीकार कर लिया है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दागदार हो गए हैं। शराब और कोयला घोटाले में ईडी ने जो जांच की है, उससे साफ है कि मुख्यमंत्री बघेल इसमें शामिल हैं। बीजेपी विधायक ने कहा कि आने वाले समय में रेत घोटाला, जमीन घोटाला, जंगल घोटाला, धान घोटाला, डीएमएफ घोटाला, ये सब भी सामने आएंगे। इससे यह भी स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री बघेल के सत्ता से जाने का समय आ गया है। श्री अग्रवाल ने सवाल किया कि ऐसे हालात में उपमुख्यमंत्री पद स्वीकार करने वाले सिंहदेव भी क्या इन घोटालों में शामिल होंगे?