बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रविवार को घर के सामने खड़ी कार पर फायरिंग करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। वहीं घटना में शामिल कार और एयर गन को भी जब्त कर लिया गया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, सूर्या विहार निवासी शुभम साहू ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराया था कि रविवार सुबह करीब 7:30 बजे दो युवक वैगनआर कार में उनके घर के पास आए और घर के सामने खड़ी उनकी स्विफ्ट कार में तीन बार फायरिंग कर फरार हो गए। फायरिंग से गाड़ी के पीछे का शीशा टूट गया है। घटना को अंजाम देकर वैगन आर कार सवार बदमाश बसंत वाटिका की तरफ भाग गए। पीड़ित ने उनका पीछा कर उनके गाड़ी के भागने का वीडियो भी बनाया। इसमें गाड़ी का नंबर सीजी 10 एसी 9815 दिखाई दे रहा था।

See also  Supreme Court: Arnab Goswami को मिली बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर भी कोर्ट ने लगाई रोक

इस मामले में सरकंडा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त एयर पिस्टल सहित वैगन आर कार को जब्त किया गया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।