रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 30 सितंबर को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में होने वाली एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री रविवार रात नई दिल्ली पहुंचेंगे, जहां इस बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं (नेशनल हाईवे) की प्रगति पर गहन चर्चा होगी। बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और राज्य के लोक निर्माण विभाग, राजस्व, खनन और वन विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

बैठक का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में चल रहे राजमार्ग परियोजनाओं के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने हमेशा इन परियोजनाओं के सफल कार्यान्वयन में पूरा सहयोग दिया है, लेकिन कुछ परियोजनाएं विभिन्न अवरोधों के कारण धीमी गति से चल रही हैं। इस बैठक के जरिए इन रुकावटों को दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि परियोजनाओं की धीमी प्रगति के पीछे वन विभाग की क्लीयरेंस, राजस्व और खनन से जुड़े मुद्दों का अहम योगदान है। इन मुद्दों पर विशेष ध्यान देकर अवरोधों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे कार्यों का समय पर निष्पादन हो सके। गडकरी ने उम्मीद जताई है कि इस बैठक से सभी लंबित मुद्दों का समाधान होगा और परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ेंगी।

See also  IAS अधिकारी शिखा राजपूत तिवारी होंगी ई-गवर्नेंस अवार्ड्स 2021 से सम्मानित

इस समीक्षा बैठक में अयोध्या से छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना की प्रगति पर भी चर्चा होगी, जिसे केंद्र सरकार ने पहले मंजूरी दी थी। यह परियोजना राज्य के लिए धार्मिक और पर्यटन के दृष्टिकोण से खास है।