टीआरपी डेस्क। संसद के शीतकालीन सत्र का शुक्रवार को अंतिम दिन, लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। इस दौरान विपक्ष के नारेबाजी के कारण सदन का संचालन बाधित हुआ। राज्यसभा की कार्यवाही भी 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। अंबेडकर विवाद को लेकर विपक्ष ने संसद के बाहर विजय चौक से संसद भवन तक मार्च निकाला। इस प्रदर्शन में प्रियंका गांधी शामिल हुईं, लेकिन राहुल गांधी नजर नहीं आए।

राहुल गांधी पर FIR दर्ज, धक्का-मुक्की का आरोप

19 दिसंबर को मकर गेट पर पक्ष और विपक्ष के सांसदों के बीच हुई धक्का-मुक्की के मामले में राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। इस घटना में ओडिशा के बालासोर से सांसद प्रताप सारंगी और फर्रुखाबाद से भाजपा सांसद मुकेश राजपूत घायल हो गए थे। दोनों नेताओं को सिर में चोट लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

भाजपा सांसदों ने राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की कोशिश, धमकाने और धक्का देने समेत सात धाराओं में शिकायत दी थी। हालांकि, पुलिस ने जांच के बाद हत्या की कोशिश की धारा (109) को हटाकर छह धाराओं में मामला दर्ज किया।

See also  दिल्ली सरकार ने पद्म पुरस्कारों के लिए की सिफारिश, केंद्र को भेजे तीन डॉक्टरों के नाम

लोकसभा में हंगामा और अध्यक्ष की चेतावनी

जैसे ही लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी सांसदों ने जोरदार नारेबाजी की। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील की और कार्यवाही अनिश्चितकाल तक स्थगित कर दी। उन्होंने विपक्ष को सलाह दी कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के तहत सदन में चर्चा और बहस को प्राथमिकता दें।

भाजपा ने की राहुल गांधी के निलंबन की मांग

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल ने गृह मंत्री अमित शाह के बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया और सदन की मर्यादा का उल्लंघन किया। दुबे ने मांग की है कि मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजा जाए और समिति के निर्णय तक राहुल गांधी को लोकसभा से निलंबित कर दिया जाए।

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप जारी

सत्र के अंतिम दिन भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भाजपा राहुल गांधी के खिलाफ हमलावर है, जबकि कांग्रेस ने भी भाजपा सांसदों पर धक्का देने का आरोप लगाया है।

See also  कोरोना अपडेट: भारत में आज महज 8 हजार नए केस और 197 मौतें, 287 दिनों के बाद इतने कम मामले

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।