टीआरपी डेस्क। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां 12वीं कक्षा के दो नाबालिग छात्र-छात्रा ने व्हाट्सएप चैट पर ‘निकाह कबूल’ करने के बाद खुद को शादीशुदा मान लिया। अब दोनों साथ रहने की जिद पर अड़े हुए हैं, जिससे मामला पुलिस तक पहुंच गया है।

थाने में हाईवोल्टेज ड्रामा, छात्र ने किया हंगामा

रविवार को नाबालिग छात्र ने नगर थाना में करीब दो घंटे तक हंगामा किया। वह अपनी प्रेमिका से शादी करने की जिद पर अड़ा रहा। छात्र पंकज मार्केट क्षेत्र का निवासी है, जबकि प्रेमिका बोचहां थाना क्षेत्र की रहने वाली है। दोनों पिछले दो साल से रिलेशनशिप में थे।

छात्र का दावा है कि प्रेमिका ने व्हाट्सएप चैट पर तीन बार ‘कबूल है’ लिखकर उसे अपना पति स्वीकार कर लिया। जब यह बात दोनों के परिवारों तक पहुंची, तो उन्होंने इसका विरोध किया और दोनों के मोबाइल जब्त कर दिए। परिवारवालों ने मिलने-जुलने पर भी सख्त पाबंदी लगा दी।

See also  Operation Mahadev: आतंकियों के पास मिला अमेरिकी M4 कार्बाइन, पहलगाम हमले में हुआ था इसी का इस्तेमाल

परीक्षा के दौरान नहीं मिल पाने से बढ़ी बेचैनी

इन दिनों इंटरमीडिएट की परीक्षा चल रही है, और छात्रा के परिजन उसे परीक्षा केंद्र तक खुद लेकर जा रहे थे, जिससे दोनों एक-दूसरे से मिल नहीं पा रहे थे। इस वजह से छात्र बेचैन हो गया और अजीब हरकतें करने लगा। परेशान होकर उसकी बहन ने पुलिस से मदद मांगी।

मोबाइल की जांच में मिले ‘निकाह कबूल’ के सबूत

पुलिस ने छात्र का मोबाइल चेक किया, जिसमें लड़की के साथ उसकी कई तस्वीरें और व्हाट्सएप चैट्स बरामद हुईं। चैट में लड़की ने तीन बार ‘कबूल है’ लिखकर खुद को उसकी पत्नी मान लिया था। वह चोरी-छिपे सिंदूर भी लगाने लगी थी और दोनों कई बार छुपकर मिले थे।

अलग-अलग समुदाय से ताल्लुक, परिवार चिंतित

इस मामले में सबसे बड़ी चिंता यह है कि दोनों अलग-अलग समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। पुलिस ने दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्र अपनी जिद पर अड़ा रहा।

See also  सुप्रीम कोर्ट से केंद्र सरकार को झटका, कहा- 30 जून से पहले करें पूर्व सैनिकों का बकाया भुगतान

छात्र की बहन ने बताया कि उसका भाई इस रिश्ते को लेकर जुनूनी हो चुका है और अपने माता-पिता से भी बात करना बंद कर दिया है।

फिलहाल, पुलिस दोनों परिवारों से बातचीत कर मामले को शांत करने की कोशिश कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।