रायपुर। छत्तीसगढ़ में वन विभाग के उच्च पदों पर बैठे उन अफसरों के चेहरे पर आज खुशी की चमक देखी जा सकती है, जिन्हें पद नहीं होने के चलते प्रमोट नहीं किया जा रहा था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल ने इस संबंध में फैसला किया है, जिसके बाद नए पद तैयार करते हुए इन्हें पदोन्नति दी जाएगी। हालांकि यह फैसला आने तक इनमें से एक अफसर तो रिटायर भी हो चुके हैं।

कैबिनेट ने क्या लिया है फैसला..?

मंत्रिपरिषद द्वारा छत्तीसगढ़ कैडर के भारतीय वन सेवा के 30 वर्ष की अर्हकारी सेवा पूर्ण कर चुके 1992 से 1994 बैच तक के अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक के पद पर पदस्थ अधिकारियों को गैर कार्यात्मक (Non-functional) आधार पर यथास्थान (In situ) प्रधान मुख्य वन संरक्षक के समकक्ष स्केल प्रदाय करने हेतु आवश्यक पद सृजन का निर्णय लिया गया।

कौन हैं ये 5 अफसर..?

वन विभाग में 5 अफसर APCCF के पद पर रहे, इनमें IFS सुनील मिश्रा, अरुण पांडेय, प्रेम कुमार, अनूप कुमार विश्वास और अलोक कटियार शामिल हैं। बता दें कि इनमें से अनूप कुमार विश्वास तो पदोन्नति का इंतजार करते रिटायर भी हो चुके हैं, वहीं अलोक कटियार और सुनील मिश्रा रिटायर होने वाले हैं। इन अफसरों की प्रमोशन की फाइल कई महीनों से इस टेबल से उस टेबल पर घूम रही है। इन्हें PPCF बनाया जाना था, मगर विभागीय स्तर पर इनके लिए कोई पहल नहीं की जा रही थी।

See also  छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले का झारखण्ड कनेक्शन : ED ने 2 अफसरों को रायपुर किया तलब

टीआरपी न्यूज ने उठाया था यह मुद्दा

वन विभाग के 5 वरिष्ठ अफसरों से जुड़ी इस खबर को एक माह पूर्व ही टीआरपी न्यूज ने प्रकाशित किया था और बताया था कि किस तरह इन अफसरों की पदोन्नति की फाइल को यहां से वहां घुमाया जा रहा है। APPCF के पद तक पहुंच चुके इन अफसरों के ऊपर केवल PCCF पदस्थ हैं और इस पद के समकक्ष कोई दूसरा पद खाली नहीं था, इस बहाने इनकी पदोन्नति रोक दी गई थी। इस खबर के बाद आखिरकार इसकी फाइल CM तक पहुंची और आखिरकार सरकार ने पहल की और PCCF के समकक्ष पद और स्केल प्रदाय करने हेतु आवश्यक पद सृजन करने का निर्णय लिया।

विभागीय सूत्रों के अनुसार सरकार को यह अधिकार है कि पदोन्नति के लिए जरुरत के मुताबिक वह कुछ समय के लिए नए पद सृजित कर सकती है। यही फार्मूला APCCF से PCCF के पद पर पदोन्नति की राह देख रहे अफसरों के लिए अपनाया गया। इन्हें पदोन्नत किये जाने की सूचना औपचारिक तौर पर केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। वहीं ये अफसर जिन पदों पर हैं, उन्हीं पर काम करते रहेंगे, उन्हें पदोन्नत करके लेवल-16 के सारे लाभ दिए जायेंगे।

See also  छत्तीसगढ़ में नेता नहीं, बेटा की सरकार चाहती है जनता-अमित जोगी