टीआरपी डेस्क। सुप्रीम कोर्ट ने पारदर्शिता और जनता के विश्वास को मज़बूत करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल करते हुए अपने न्यायाधीशों की संपत्ति का विवरण सार्वजनिक कर दिया है। अब चीफ जस्टिस संजीव खन्ना और अगले मुख्य न्यायाधीश जस्टिस बी. आर. गवई सहित 33 जजों की संपत्ति की जानकारी सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर देखी जा सकती है।

इन विवरणों में जजों और उनके परिवार के नाम पर मौजूद फ्लैट, मकान, पैतृक संपत्ति, कृषि भूमि, बैंक खाते, निवेश और आभूषण जैसी चल-अचल संपत्तियों की पूरी जानकारी शामिल है।

पारदर्शिता की दिशा में अहम फैसला

यह निर्णय उस समय लिया गया जब दिल्ली हाईकोर्ट के जज यशवंत वर्मा के सरकारी आवास में 14 मार्च को आग लगने के बाद अग्निशमन दल को वहाँ अधजले 500-500 रुपये के नोट मिले थे। यह वीडियो सार्वजनिक होते ही न्यायपालिका की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने 1 अप्रैल 2025 को फैसला किया कि जजों की संपत्ति सार्वजनिक की जाएगी।

See also  दुबई से आ रही Air India ने उतरते समय ATC से मांगी मदद 

21 जजों की जानकारी उपलब्ध, 12 अभी बाकी

सुप्रीम कोर्ट में वर्तमान में कुल 33 न्यायाधीश हैं, जिनमें से 21 जजों की संपत्ति का विवरण वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। 12 जजों की जानकारी अभी लंबित है। कोर्ट का कहना है कि जैसे ही बाकी जजों से विवरण प्राप्त होंगे, उन्हें भी सार्वजनिक कर दिया जाएगा।

न्यायाधीशों की नियुक्ति प्रक्रिया भी हुई पारदर्शी

पारदर्शिता के एक और बड़े कदम के तहत सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति प्रक्रिया भी सार्वजनिक कर दी है। अब नियुक्तियों के लिए अपनाए गए मूल्यांकन मानदंड और कॉलेजियम के प्रस्ताव वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। यह डेटा 9 नवंबर 2022 से 5 मई 2025 तक की नियुक्तियों को कवर करता है।

जानिए CJI संजीव खन्ना की संपत्ति का विवरण

मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना के पास कुल ₹55.75 लाख की बैंक और FD राशि है। उनके PPF खाते में ₹1.06 करोड़ जमा हैं। दक्षिण दिल्ली में उनके नाम पर एक तीन बेडरूम फ्लैट और कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज में चार बेडरूम का एक और फ्लैट है। गुरुग्राम में एक फ्लैट में 56% हिस्सेदारी और हिमाचल प्रदेश के डलहौजी में पैतृक संपत्ति भी शामिल है।

See also  टीआरपी सबसे पहले: मोदी कैबिनेट विस्तार की अटकलें , ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित छत्तीसगढ़ से नेताम, सरोज पांडेय, संतोष पांडेय और अरुण साव को मिल सकता है मौका

अगले CJI जस्टिस बी.आर. गवई की संपत्ति का ब्योरा

14 मई को सीजेआई पदभार संभालने जा रहे जस्टिस भूषण रामकृष्ण गवई के पास बैंक में ₹19.63 हजार और PPF खाते में ₹6.59 लाख हैं। उनके पास मुंबई, अमरावती, नागपुर और दिल्ली में फ्लैट हैं। नागपुर और यवतमाल ज़िले में कृषि भूमि है। चल संपत्ति के रूप में उनके पास ₹25,859 और उनकी पत्नी के पास ₹29.7 लाख की संपत्ति है, जिसमें 750 ग्राम सोने का स्त्रीधन भी शामिल है। नकद ₹61,320, बैंक बैलेंस ₹1.95 लाख और अग्रिम राशि ₹5.48 लाख दर्ज की गई है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।