टीआरपी डेस्क। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। समस्तीपुर साइबर थाना की टीम ने यह कार्रवाई बेगूसराय जिले के तेघड़ा से की, जहां से 21 वर्षीय सलीम नामक युवक को पकड़ा गया। उसके पास से वह मोबाइल भी बरामद हुआ है जिससे धमकी भेजी गई थी।

इस मामले में पटना साइबर थाना में FIR दर्ज की गई थी। लोजपा के जिलाध्यक्ष अनुपम कुमार सिंह उर्फ हीरा सिंह ने इसकी शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू की और लोकेशन ट्रेस कर आरोपी तक पहुंच गई।

साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक के मुताबिक, युवक को गिरफ्तार कर पटना साइबर थाना को सौंपा जा रहा है, जहां आगे की पूछताछ और जांच होगी।

धमकी का मामला तब सामने आया जब यूट्यूबर ‘दक्षा प्रिया’ के इंस्टाग्राम पोस्ट पर किसी ‘टाइगर मिराज इदरीसी’ नाम के अकाउंट से चिराग पासवान को 20 जुलाई को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। धमकी मिलते ही लोजपा कार्यकर्ताओं ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद जांच तेज़ की गई।

See also  Central Bank of India पर RBI ने लगाया डेढ़ करोड़ का जुर्माना, इस नियम का पालन करने में नाकाम रहने पर की कार्रवाई

फिलहाल पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने यह हरकत अकेले की या इसके पीछे कोई और भी शामिल है।