भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रशासन ने ड्रग तस्कर शारिक मछली और उसके परिवार के अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को कोकता इलाके में सरकारी जमीन पर बने मछली परिवार के मकान को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया।

कैमरे में इस कार्रवाई का वीडियो भी कैद हुआ है, जिसमें कुछ ही सेकंडों में पूरा मकान ढहता नजर आ रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, करीब 15,000 वर्गफुट क्षेत्रफल में फैला अवैध निर्माण ध्वस्त किया गया है।

ड्रग तस्करी से जुड़ा मामला

बीते महीने ‘नशे से दूरी है ज़रूरी’ अभियान के तहत पुलिस ने शावर अहमद उर्फ मछली और उसके भतीजे यासीन अहमद उर्फ मछली को एमडीएमए ड्रग के साथ गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान उनकी अवैध संपत्तियों की पहचान की गई, जिसके बाद बुलडोजर कार्रवाई शुरू हुई।

प्रशासन का सख्त रुख

ग्रामीण एसडीएम विनोद सोनकिया ने बताया कि नोटिस जारी करने के बाद कार्रवाई की गई है। यदि आगे और अवैध निर्माणों की पहचान होगी तो उस पर भी बुलडोजर चलेगा। गौरतलब है कि इससे पहले 30 जुलाई को भी प्रशासन ने मछली परिवार के ठिकानों पर कार्रवाई की थी। अब तक लगभग 115 करोड़ रुपये की सरकारी संपत्ति को कब्जे से मुक्त कराया जा चुका है।

See also  टीआरपी सबसे पहले: रायपुर एम्स के कोरोना वारियर्स पर आसमान से ऐसे बरसे फूल, देखें वीडियो