टीआरपी डेस्क। Security Negligence : दीपक बैज के घर पर देर रात हुई एक घटना ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल मचा दी। Z+ सुरक्षा के बावजूद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निवास पर सुरक्षा घेरा तोड़कर एक अज्ञात व्यक्ति घुस आया। जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाकर्मी के रोकने के बावजूद व्यक्ति जबरन घर के अंदर घुस गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

दीपक बैज ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “किसी अंजान व्यक्ति का इस तरह घर में घुस जाना साधारण बात नहीं है। क्या वह सिर्फ टोह लेने आया था या किसी और मकसद से भेजा गया था ? यह गंभीर संदेह पैदा करता है।” बैज ने साफ तौर पर इशारा किया कि यह महज लापरवाही नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश भी हो सकती है।

पहले भी लगे हैं रेकी के आरोप

गौरतलब है कि कुछ समय पहले दंतेवाड़ा पुलिस पर बैज के कार्यक्रमों की रेकी करने के आरोप लगे थे। अब यह नया मामला सामने आने के बाद राजनीतिक हलचल और भी तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि Z+ सुरक्षा प्राप्त नेता का घर ही असुरक्षित है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या भरोसा रह जाएगा ?

See also  CG News : मतदान से 2 दिन पहले पिकअप में कंबलों का जखीरा बरामद, मेडिकल कालेज रोड में पकड़ाया

कांग्रेस का सरकार पर सीधा आरोप

कांग्रेस ने सरकार को घेरते हुए कहा कि यह सुरक्षा एजेंसियों की नाकामी है और कहीं न कहीं सत्ता पक्ष की शह भी देखी जा सकती है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्षी नेताओं को डराने-धमकाने की रणनीति पर काम कर रही है। प्रदेश प्रभारी महामंत्री मलकित सिंह गैदू ने इस मामले की शिकायत गंज पुलिस में दर्ज कराई है और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।

जांच पर टिकी सबकी निगाहें

Security Negligence : घटना के बाद राजनीतिक सरगर्मी तो बढ़ ही गई है। विपक्षी दल सवाल उठा रहा है कि जब राज्य का PCC चीफ ही सुरक्षित नहीं है, तो जनता की सुरक्षा की गारंटी कैसे दी जा सकती है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस जांच में क्या निकलकर सामने आता है और संदिग्ध घुसपैठिए की मंशा क्या थी ?