कोरबा। बिजली कारखानों से निकलने वाली राख को SECL की खदानों में भरा जा रहा है। इसके लिए वाहनों में राख को भरकर खदान तक लाया जाता है। इस दौरान वाहनों से राख के रिसाव के चलते भारी प्रदूषण हो रहा है। वहीं परिवहन से सड़क भी जर्जर हो गई है। इससे नाराज लोगों ने राख परिवहन को ठप्प कर दिया और धरने पर बैठ गए।
नगर निगम कोरबा के वार्ड 9 सीतामणी और वार्ड नम्बर 10 भिलाई खुर्द के पार्षद समेत गांव के लोगों ने एसईसीएल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस दौरान खदान के अंदर राखड़ परिवहन बंद करवा दिया गया। जिसके कारण अंदर और बाहर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना की सूचना पर पुलिस बल घटनास्थल पहुंच गया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नियम विरुद्ध राखड़ का परिवहन किया जा रहा है। राख डंप करने के बाद मिट्टी फीलिंग नहीं की जा रही है ना ही पानी का छिड़काव किया जा रहा है जिसके चलते राख उड़ रही है जिससे कई तरह की परेशानियों का सामना लोगो को करना पड़ रहा है। गौ माता चौक से लेकर बरबसपुर मुख्य मार्ग तक भारी वाहनों के चलते सड़क जर्जर हो गई है जिसके चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं।
यहां पार्षद के नेतृत्व में लोगों ने मांग की है कि सड़क की मरम्मत और नियम के तहत राखड का परिवहन किया जाए नही तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।


