रविवार, 20 सितंबर 2026 रवि, 20 सित॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
छत्तीसगढ़

अतिथि शिक्षकों के लिए बड़ी खबर! 6 महीने के मानदेय का बजट जारी, जानिए आपके जिले को कितने मिले

Chhattisgarh Guest Teacher Salary: छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में सेवाएं दे रहे अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने 18 करोड़ 42 लाख रुपये का बजट जारी किया है। लोक शिक्षण संचालनालय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश के 25 जिलों में कार्यरत 1,535 अतिथि शिक्षकों के छह माह के मानदेय […]

Guest teachers teaching students in a government school in Chhattisgarh
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Chhattisgarh Guest Teacher Salary: छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में सेवाएं दे रहे अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने 18 करोड़ 42 लाख रुपये का बजट जारी किया है। लोक शिक्षण संचालनालय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश के 25 जिलों में कार्यरत 1,535 अतिथि शिक्षकों के छह माह के मानदेय के लिए यह राशि आवंटित की है। विभाग ने इस संबंध में 18 सितंबर को आदेश जारी किया है।

हर अतिथि शिक्षक को मिलेगा 20 हजार रुपये प्रतिमाह

विभागीय आदेश के अनुसार अतिथि शिक्षकों को हर महीने 20 हजार रुपये मानदेय दिया जाता है। छह महीने के लिए एक शिक्षक के मानदेय की राशि 1 लाख 20 हजार रुपये तय है। जिले में कार्यरत अतिथि शिक्षकों की संख्या के आधार पर संबंधित जिला स्तर पर बजट उपलब्ध कराया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जारी राशि का इस्तेमाल केवल मानदेय भुगतान के लिए किया जाएगा।

बस्तर संभाग के सभी सात जिलों को मिला बजट

मानदेय के लिए जारी बजट में बस्तर संभाग के सभी सात जिले शामिल हैं। इनमें कोंडागांव में 141 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 69 लाख 20 हजार रुपये आवंटित किए गए हैं। बस्तर जिले में 133 शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 59 लाख 60 हजार और कांकेर में 126 शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 51 लाख 20 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है। दंतेवाड़ा में 31 शिक्षकों के लिए 37 लाख 20 हजार, सुकमा में 48 के लिए 57 लाख 60 हजार, बीजापुर में 48 के लिए 57 लाख 60 हजार और नारायणपुर में 36 अतिथि शिक्षकों के लिए 43 लाख 20 हजार रुपये जारी किए गए हैं।

बलरामपुर में सबसे ज्यादा 220 अतिथि शिक्षक

जिलावार आंकड़ों में बलरामपुर में सबसे ज्यादा 220 अतिथि शिक्षक कार्यरत हैं। इनके छह महीने के मानदेय के लिए 2 करोड़ 64 लाख रुपये का बजट दिया गया है। इसके बाद सूरजपुर में 130 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 56 लाख रुपये और सरगुजा में 71 शिक्षकों के लिए 85 लाख 20 हजार रुपये का आवंटन किया गया है।

समय पर भुगतान के निर्देश

शेष जिलों में भी वहां कार्यरत अतिथि शिक्षकों की संख्या के आधार पर बजट उपलब्ध कराया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारियों को मानदेय का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवंटित राशि का उपयोग केवल अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान के लिए किया जाना है।

Rverma
लेखक / पत्रकार:

Rverma

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन