Pension for the elderly stopped: मुंगेली जिले में बुजुर्गों को पेंशन का मुद्दा अब सियासी रंग लेता जा रहा है। यहां पिछले कई महीने से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने पर कांग्रेस पार्टी ने यहां के लोरमी ब्लॉक में प्रदर्शन करते हुए सरकार पर निशाना साधा है।
कांग्रेस नेता विद्यानंद चंद्राकर की अगुवाई में लोरमी जनपद पंचायत और एसडीएम कार्यालय में पीड़ित बुजुर्गों ने पेंशन में हो रही देरी को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि पात्र बुजुर्ग हितग्राहियों को समय पर राशि नहीं मिल रही है।
सरकार के सेवा पखवाड़ा पर उठाये सवाल

इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता विद्यानंद चंद्राकर ने मीडिया से बात करते हुए सरकार के सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पांव पखारने से काम नहीं चलेगा। डिप्टी सीएम साहब सेवा की बात करते हैं, लेकिन नौ-नौ महीने से बुजुर्गों की पेंशन नहीं डली है। 60-70 साल के बुजुर्ग बैंक के चक्कर काट रहे हैं। गरीब का सहारा बनना है तो पहले पेंशन डलवाकर दिखाइए।”

अरुण साव ने धोये थे बुजुर्गों के पांव
बता दें कि पिछले दिनों सेवा पखवाड़ा के शुभारंभ के मौके पर लोरमी के विधायक और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने एक समारोह में बुजुर्गों के पांव धोए थे। इस पर कटाक्ष करते हुए विद्यानंद चंद्राकर ने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ इवेंट कर रही है, दीप जला रही है, पैर धोकर फोटो खिंचवा रही है, लेकिन जमीन पर गरीब, वृद्ध और विकलांग पेंशन धारकों को 6 तरह की पेंशन में से कई महीनों से राशि नहीं मिली है।

चंद्राकर ने कहा कि पहले इनके कहने पर जिला सहकारी बैंक में खाता खुलवाया गया, खाता भी खुलवा दिया, फिर भी पैसा नहीं आ रहा। ये ढोल में पोल है। बुजुर्ग रोज बैंक आते-जाते हैं और परेशान हो रहे हैं | इस मौके पर कुछ बुजुर्गों ने भी मीडिया से बात करते हुए कहा कि अरुण साव ने बुजुर्गों के पांव पाखरकर आशीर्वाद तो लिया मगर वे हम बुजुर्गों की सुध नहीं ले रहे हैं। उनकी डबल इंजन की सरकार है और ऐसे में अगर हमें योजनाओं का लाभ नहीं रहा है तो आखिर क्या फायदा ?

बहरहाल कांग्रेस पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि लंबित पेंशन का तुरंत भुगतान किया जाए ताकि बुजुर्गों को अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भटकना न पड़े |
FAQ: अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Q1. मुंगेली में पेंशन बंद का मामला क्या है?
— मुंगेली जिले के लोरमी ब्लॉक में पिछले 9 महीने से वृद्धावस्था पेंशन सहित 6 तरह की पेंशन हितग्राहियों को नहीं मिली है। बुजुर्ग जिला सहकारी बैंक के चक्कर काट रहे हैं, जिसके बाद कांग्रेस ने जनपद पंचायत और SDM कार्यालय में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा है।
Q2. कांग्रेस ने डिप्टी सीएम अरुण साव पर क्या आरोप लगाया है?
— कांग्रेस नेता विद्यानंद चंद्राकर ने आरोप लगाया कि डिप्टी सीएम अरुण साव सेवा पखवाड़ा में बुजुर्गों के पांव धोकर सिर्फ इवेंट और फोटो सेशन कर रहे हैं, जबकि जमीन पर 9 महीने से पेंशन नहीं आई है। उन्होंने कहा – “पांव पखारने से कुछ नहीं होगा, पहले पेंशन डलवाकर दिखाइए।”
Q3. पेंशन क्यों नहीं आ रही, प्रशासन का क्या कहना है?
— कांग्रेस का दावा है कि पहले जिला सहकारी बैंक में नए खाते खुलवाए गए, उसके बाद भी राशि ट्रांसफर नहीं हो रही है। बुजुर्गों का कहना है कि बैंक में जाने पर सिर्फ तारीख मिल रही है। प्रशासन से लंबित भुगतान की मांग की गई है, आधिकारिक जवाब अभी आना बाकी है।



