भोपाल। 1 अक्टूबर से वन विहार नेशनल पार्क में निजी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद हो गई है। पार्क को ‘नो-व्हीकल जोन’ घोषित कर दिया गया है। अब सैलानियों के लिए 40 इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट और 150 साइकिलें उपलब्ध रहेंगी।
प्रबंधन का कहना है कि कई बार पर्यटक गाड़ियों के हॉर्न बजाते हैं, जिससे जानवर और अन्य सैलानी परेशान होते हैं। इसी वजह से यह कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को वन विहार से राज्य स्तरीय वन्य प्राणी सप्ताह की शुरुआत की।
हर 10 मिनट पर गोल्फ कार्ट की सुविधा
असिस्टेंट डायरेक्टर के मुताबिक, 32 गोल्फ कार्ट हॉप-ऑन हॉप-ऑफ पद्धति पर चलेंगी और कार्ट बुकिंग पर तीन घंटे के लिए उपलब्ध रहेंगी। दोनों गेट से हर 10 मिनट पर कार्ट मिलेंगी और सभी व्यू पाइंट पर 30 सेकेंड से 1 मिनट का स्टॉप होगा।
पैदल और साइकिल भी विकल्प
गोल्फ कार्ट के साथ-साथ पैदल भ्रमण और साइकिल की सुविधा भी होगी। अलग-अलग माध्यम से घूमने वाले पर्यटकों को अलग-अलग रंग के बायोडिग्रेडेबल वैंड दिए जाएंगे ताकि किसी भी तरह का भ्रम न हो।
पार्किंग नियम बदले
चार पहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा केवल प्रवेश द्वार नंबर-2 पर होगी, जबकि दोपहिया वाहनों के लिए गेट नंबर-1 और 2 दोनों पर व्यवस्था की गई है। प्रबंधन को उम्मीद है कि इस बदलाव से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और सैलानियों का अनुभव और भी सुखद होगा।


