टीआरपी डेस्क। Vote Chori Applications : प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) की ओर से चलाए जा रहे ‘वोट चोरी’ हस्ताक्षर अभियान में अब तक 10 लाख से अधिक आवेदन जमा हो चुके हैं। रायपुर, अंबिकापुर, सरगुजा सहित प्रदेश के सभी जिलों से कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षरित आवेदन PCC कार्यालय में जमा कराए हैं। कांग्रेस इन आवेदनों को 31 अक्टूबर को AICC (अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी) को सौंपेगी।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, AICC इन आवेदनों को आगे केंद्रीय निर्वाचन आयोग और राष्ट्रपति को भेजने की तैयारी में है, ताकि कथित वोट चोरी के मामले में औपचारिक हस्तक्षेप की मांग की जा सके। यह अभियान 15 सितंबर को AICC के निर्देश पर शुरू हुआ था, जिसकी शुरुआत सचिन पायलट ने बिलासपुर से की थी।

कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा ‘वोट चोरी’ के खुलासे के बाद इस अभियान को जन-आंदोलन के रूप में चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा, राजधानी से लेकर हर ग्राम पंचायत तक ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ अभियान पहुंच चुका है। राज्य के हर जिले से आवेदन आ चुके हैं, जिन्हें AICC के माध्यम से केंद्र तक पहुंचाया जाएगा।”

See also  देश में कोरोना की तीसरी लहर! फिर 40 हजार के पार पहुंचे नए मामले

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत और वार्ड में लोगों को बताया गया है कि भाजपा और निर्वाचन आयोग ने किस प्रकार वोटों में हेरफेर की है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हाल ही में दिल्ली में प्रेसवार्ता कर महाराष्ट्र की एक विधानसभा सीट में 1 लाख से अधिक फर्जी वोटों के सबूत पेश किए थे। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन आरोपों को निराधार बताया था।

PCC ने दिए थे स्पष्ट निर्देश

  • घर-घर और सार्वजनिक जनसंपर्क अभियान चलाया जाए।
  • छोटे-बड़े नुक्कड़ सभाएं और बैठकें आयोजित की जाएं।
  • साप्ताहिक और बड़े बाजारों में अधिकतम लोगों से हस्ताक्षर करवाए जाएं।
  • प्रत्येक बूथ पर कम से कम 100 से 200 लोगों से आवेदन भरवाए जाएं।