0 स्कूल के रसूखदार ‘चपरासी’ ने सड़क पर कराया हंगामा
एमसीबी। छत्तीसगढ़ के अनेक शहरों में पुलिस द्वारा सड़क पर बर्थडे मनाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और इस मामले को हाइकोर्ट द्वारा संज्ञान में लिए जाने के बावजूद इस तरह की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है। ऐसे अनेक मामलों में आरोपियों को जेल भी भेजा जा चुका है, मगर चंद शरारती तत्व अब भी इस हरकत से बाज नहीं आ रहे हैं।

ऐसे ही एक मामले में एमसीबी जिले के खड़गवां थाना क्षेत्र में सड़क पर खड़ी कार के बोनट पर जन्मदिन का केक काटना एक शख्स को भारी पड़ गया। मामला सिर्फ केक काटने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सरेआम हुड़दंग और आतिशबाज़ी ने कानून की धज्जियां उड़ा दीं।

बताया जा रहा है कि खड़गवां हाई स्कूल में पदस्थ चपरासी संग्राम गुप्ता ने अपने जन्मदिन के मौके पर अपने साथियों के साथ अटल चौक पर कार के बोनट पर केक काटा और आतिशबाजी कर जश्न मनाया। इस दौरान सड़क पर आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई और लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

थाना प्रभारी विजय सिंह ने इस गैर-जिम्मेदाराना कृत्य पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संग्राम गुप्ता और उसके साथियों को हिरासत में लिया और उनके खिलाफ अपराध दर्ज किया।

सड़क पर इस तरह की हरकतें न सिर्फ यातायात में बाधा डालती हैं, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी खतरा बनती हैं। पुलिस की सख्त कार्रवाई से अब ऐसे मामलों पर लगाम लगने की उम्मीद इलाके के नागरिक कर रहे हैं।
गौरतलब है कि हाइकोर्ट ने ऐसे ही मामले में रईसजादों द्वारा सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेट करने के मामलों में स्वत: संज्ञान लेते हुए जनहित याचिका दायर की थी। तब पुलिस ने आरोपियों के साथ ही उनकी महंगी गाड़ियों को भी जब्त कर लिया था। अब छोटे शहरों में भी इस तरह की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है। इस पर सख्ती से कार्यवाही करने की जरूरत है।


