टीआरपी डेस्क। भारत की महिला क्रिकेट टीम ने रविवार, 2 नवंबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने पहली बार विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। वहीं, साउथ अफ्रीका का पहला खिताब जीतने का सपना एक बार फिर टूट गया।

फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मजबूत स्कोर खड़ा किया और शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन से साउथ अफ्रीकी टीम को लक्ष्य से काफी पीछे रोक दिया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में यह जीत भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बन गई।

बीसीसीआई ने की इनाम की घोषणा


भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत के बाद खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ पर इनामों की बारिश हो रही है। भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम के लिए 51 करोड़ रुपये की प्राइज मनी की घोषणा की है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि महिला टीम को पहली बार इतनी बड़ी इनामी राशि दी जा रही है।

See also  ममता बनर्जी ने नंदीग्राम में जीत के लिए क्यों मांगी भाजपा प्रत्याशी से मदद? क्या है वायरल कॉल रिकॉर्डिंग की सच्चाई... पढ़ें सियासत की बयानबाजी...

देवजीत सैकिया ने कहा, “1983 में कपिल देव ने जब भारत को वर्ल्ड कप जिताया था, तब भारतीय क्रिकेट को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिली थी। अब हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम ने वही जोश और उत्साह दोबारा जगा दिया है। उन्होंने केवल ट्रॉफी ही नहीं, बल्कि पूरे देश का दिल जीत लिया है।”

महिला क्रिकेट को नई दिशा


सैकिया ने आगे कहा कि यह जीत भारत में महिला क्रिकेट के भविष्य को नई दिशा देगी और नई पीढ़ी की खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन और पूर्व बीसीसीआई सचिव जय शाह का भी आभार जताया, जिन्होंने महिला क्रिकेट को लेकर कई महत्वपूर्ण पहल की हैं।

इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने न केवल एक नया अध्याय लिखा है, बल्कि देशभर में महिला क्रिकेट के प्रति उत्साह और सम्मान को भी नई ऊंचाई दी है।