‘टीआरपी डेस्क। ग्वालियर जिले के डबरा सिटी थाना क्षेत्र में एएसआई गोवर्धन सिंह द्वारा थाना प्रभारी के फर्जी हस्ताक्षर कर वारंटी की गलत रिपोर्ट हाईकोर्ट में पेश करने का गंभीर मामला सामने आया है। हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए एएसआई गोवर्धन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
मामला वारंटी देवी सिंह कुशवाहा का है। एएसआई गोवर्धन सिंह ने बिना वारंटी के निवास पर तामील कराए थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव के फर्जी हस्ताक्षर से रिपोर्ट तैयार कर हाईकोर्ट में पेश कर दी कि वारंटी घर पर नहीं मिला।
सुनवाई के दौरान शासकीय अधिवक्ता ने एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव से संपर्क किया तो पता चला कि वारंटी देवी सिंह कुशवाहा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसे 15 मिनट में कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
हाईकोर्ट ने एएसआई से स्पष्टीकरण मांगा लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव से न्यायाधीश ने स्वयं बात की तो फर्जी हस्ताक्षर की पुष्टि हुई। कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताते हुए एएसआई गोवर्धन सिंह को निलंबित करने के आदेश दिए।
वारंटी देवी सिंह कुशवाहा को कोर्ट में पेश किया गया तो उसने बताया कि वह वृंदावन गया था। लेकिन ठहरने का स्थान, वापसी की तारीख और गिरफ्तारी के समय के बारे में स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। इससे एएसआई के साथ मिलीभगत के आरोप भी मजबूत हुए हैं। हाईकोर्ट ने मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं।


