टीआरपी डेस्क। रायपुर के एयरपोर्ट पर इंडिगो की उड़ानें रद्द होने का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और इंदौर जाने वाली लगभग छह उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को भी क्रू स्टाफ और पायलटों की कमी के कारण दिल्ली की पांच, मुंबई की तीन, गोवा, इंदौर, कोलकाता समेत अप-डाउन की कुल 20 उड़ानें रद्द की गई थीं। पूरे दिन यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा और एयरपोर्ट पर कई बार हंगामे की स्थिति बनी रही।

उड़ानें रद्द होने की वजह से सात हजार से अधिक यात्रियों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी। दिल्ली और मुंबई से अंतरराष्ट्रीय उड़ान पकड़ने वाले कई यात्री भी फंस गए। सुबह से एयरपोर्ट पर तनाव की स्थिति बनी रही और कई बार इंडिगो स्टाफ के साथ यात्रियों की तीखी बहस और धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई।

See also  भाजपा को लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को घेरने का बड़ा मुद्दा मिल गया

हैदराबाद और चेन्नई जाने वाले सौ से अधिक यात्री 24 घंटे से एयरपोर्ट पर ही इंतजार कर रहे हैं। यात्रियों का आरोप है कि उन्हें न तो ई-मेल या एसएमएस के जरिए सूचना दी गई और न ही एयरपोर्ट पर ठहरने या भोजन की कोई व्यवस्था की गई। यात्रियों को चाय, पानी और नाश्ता भी खुद खरीदना पड़ा।

जयपुर में विवाह समारोह के लिए जा रहे एक बैंड ग्रुप के सदस्यों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उड़ान रद्द होने से उनके दो कार्यक्रम रद्द हो गए, जिससे लाखों रुपए का नुकसान हुआ। एक महिला यात्री ने रोते हुए बताया कि उसका बेटा दिल्ली में बीमार है, लेकिन उड़ानें रद्द होने से वह उसके पास नहीं पहुंच पा रही है।

अंतरराष्ट्रीय यात्रा, बिजनेस मीटिंग और महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के लिए जा रहे कई यात्री भी परेशान रहे। उनका कहना है कि इंडिगो बार-बार उड़ानें रद्द कर रही है, लेकिन इसके पीछे कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है।

See also  विधानसभा मतदान के बीच नक्सलियों ने IED ब्लास्ट कर साधा निशाना, CRPF की टीम पर किया हमला

गुस्साए यात्रियों ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि निजी कंपनियों को अत्यधिक छूट मिलने से वे मनमानी कर रही हैं। यात्रियों की मांग है कि पूरा रिफंड दिया जाए और हुए अतिरिक्त नुकसान की भरपाई भी की जाए।

दिल्ली से लौटे सांसद संतोष पांडेय ने बताया कि केंद्र सरकार ने इस समस्या को गंभीरता से लिया है और जल्द ही स्थिति को सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए भी प्रावधान किए जा रहे हैं।