रायगढ़। पर्यावरण की सुरक्षा को लेकर लैलूंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सोहनपुर में अवैध रूप से फ्लाई ऐश डंपिंग के मामले का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 9 भारी वाहनों 7 हाइवा और 2 ट्रेलर को फ्लाई ऐश सहित जब्त किया है, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

थाना प्रभारी लैलूंगा के उप निरीक्षक गिरधारी साव को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि एक प्लांट से निकली फ्लाई ऐश को बिना किसी वैधानिक अनुमति के ग्राम सोहनपुर क्षेत्र में खुले स्थान पर डंप किया जा रहा है। इससे पर्यावरण को नुकसान के साथ-साथ ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका थी।
सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां फ्लाई ऐश से लदे ट्रेलर और हाइवा वाहन अनलोड करते पाए गए।

पर्यावरण विभाग के सुपुर्द किया मामला

पुलिस ने जब वाहन चालकों से परिवहन एवं डंपिंग से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वे कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत मौके पर ही 9 वाहनों को जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई। साथ ही, पूरे प्रकरण की जानकारी अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए पर्यावरण विभाग को भेज दी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

See also  यहां छत्तीसगढ़ पॉवर सप्लाय कंपनी की सरकारी गाड़ियों में हो रही थी तस्करी, पुलिस ने रोका तो मिली 5 लाख की शराब