टीआरपी डेस्क। कांग्रेस ने मनरेगा को कमजोर किए जाने का आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ बड़े आंदोलन का एलान किया है। पार्टी 10 जनवरी से 25 फरवरी तक मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत बिहार समेत पूरे देश में आंदोलन चलाएगी। कांग्रेस का कहना है कि यह लड़ाई काम के अधिकार की रक्षा और मनरेगा से जुड़े श्रमिकों की आवाज को सड़क से संसद तक पहुंचाने के लिए है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, आंदोलन की तैयारी 8 जनवरी से शुरू होगी। इस दिन प्रदेश कांग्रेस कमेटी स्तर पर बैठकें होंगी, जिनमें आंदोलन की रूपरेखा, जिम्मेदारियां और रणनीति तय की जाएंगी। 10 जनवरी को सभी जिलों में जिला स्तरीय प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए अभियान का औपचारिक आगाज किया जाएगा।

11 जनवरी को एक दिन का उपवास रखकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया जाएगा। इसके बाद 12 जनवरी से 29 जनवरी तक पंचायत स्तर पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सभी ग्राम पंचायतों में चौपालें आयोजित कर मनरेगा से जुड़े मुद्दों पर ग्रामीणों से संवाद किया जाएगा।

See also  केंद्र सरकार की रेल नीति सिर्फ अमीरों के लिए - राहुल गांधी

इसी अवधि में विधानसभा क्षेत्रों में नुक्कड़ सभाएं होंगी और पर्चों के माध्यम से आम लोगों को मनरेगा में प्रस्तावित बदलावों की जानकारी दी जाएगी। 30 जनवरी को वार्ड स्तर पर शांतिपूर्ण धरना आयोजित किया जाएगा। 31 जनवरी से 6 फरवरी तक जिलों में ‘मनरेगा बचाओ धरना’ दिया जाएगा।

विधानसभा घेराव का ऐलान

आंदोलन के अगले चरण में 7 फरवरी से 15 फरवरी तक राज्य स्तर पर विधानसभा घेराव का कार्यक्रम प्रस्तावित है। अंतिम चरण में 16 फरवरी से 25 फरवरी तक आंचलिक स्तर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में मनरेगा बचाओ रैलियों का आयोजन किया जाएगा।

बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता असितनाथ तिवारी ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों के लिए जीवनरेखा है। बजट, मजदूरी दर और कार्य दिवसों में कटौती सीधे तौर पर करोड़ों परिवारों के रोजगार के अधिकार पर हमला है। उन्होंने कहा कि इसी अधिकार की रक्षा के लिए यह आंदोलन जनआंदोलन का रूप लेगा।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।