अमेरिका ने भारत से आयात होने वाले सामान पर टैरिफ़ को घटाकर 18 फ़ीसदी कर दिया है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है.
साथ ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा है कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बन गई है. हालांकि भारतीय प्रधानमंत्री के एक्स पोस्ट में ट्रेड डील को लेकर कोई जानकारी नहीं है.
राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर किए एक पोस्ट में टैरिफ़ और ट्रेड डील को लेकर जानकारी दी है.
इस पोस्ट में उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बनी है, इसके तहत अमेरिका ने रेसिप्रोकल टैरिफ़ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है.
इससे पहले भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने एक्स पर जानकारी दी थी कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की है.


