Ritu Tawade BJP candidate for Mumbai Mayor BMC.
BJP Corporators celebrating inside BMC headquarters with saffron flags and sweets.

टीआरपी डेस्क। देश की सबसे अमीर नगर पालिका, मुंबई महानगरपालिका (BMC) में अब एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है। बीएमसी के इतिहास में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) का मेयर चुना जाना तय हो गया है। पार्टी ने अनुभवी पार्षद रीतू तावड़े को मेयर पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इस ऐतिहासिक मौके का जश्न मनाने के लिए बीएमसी स्थित बीजेपी कार्यालय में 10 पंडितों को बुलाया गया, जहाँ शंखनाद और वेद मंत्रों के साथ रीतू तावड़े का स्वागत किया गया।

बीएमसी पर दशकों तक शिवसेना (अविभाजित) का वर्चस्व रहा है। 2017 के बाद पहली बार मेयर का चुनाव हो रहा है और बीजेपी का शीर्ष पद पर बैठना मुंबई की राजनीति और विकास कार्यों की दिशा पूरी तरह बदल देगा। महायुति सरकार के लिए यह बड़ी जीत मानी जा रही है।

रीतू तावड़े और संजय घाड़ी संभालेंगे कमान


बीजेपी की ओर से रीतू तावड़े जल्द ही महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगी। वहीं, गठबंधन की सहयोगी एकनाथ शिंदे की शिवसेना की ओर से संजय घाड़ी उप महापौर (डिप्टी मेयर) पद के लिए पर्चा भरेंगे। तय समझौते के अनुसार, संजय घाड़ी का कार्यकाल सवा वर्ष के लिए रहेगा।

See also  Big Breaking: पंजाब में फंसा पेच, अंबिका सोनी ने किया CM बनने से इनकार, CLP की मीटिंग भी नहीं

कौन हैं रीतू तावड़े?

रीतू तावड़े बीजेपी की एक कद्दावर और अनुभवी नेता हैं। वे घाटकोपर क्षेत्र से लगातार तीसरी बार पार्षद चुनी गई हैं। वे बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष रह चुकी हैं और वर्तमान में महाराष्ट्र प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने 2012 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था। मराठा समुदाय से होने के बावजूद उनकी गुजराती बहुल क्षेत्रों में जबरदस्त पकड़ मानी जाती है।

महायुति के पास स्पष्ट बहुमत


15 जनवरी 2026 को हुए बीएमसी चुनाव में बीजेपी (89 सीटें) और शिवसेना शिंदे गुट (29 सीटें) के गठबंधन ने शानदार जीत दर्ज की है। 227 सदस्यीय सदन में बहुमत के लिए 114 सीटों की जरूरत है, जबकि महायुति के पास 118 से ज्यादा सीटें हैं। पिछले चार वर्षों से बीएमसी में प्रशासक का शासन था, जो अब निर्वाचित मेयर के आने से समाप्त हो जाएगा।