salim-khan-hospitalized-lilavati-mumbai-salman-khan-health-update

टीआरपी डेस्क। बॉलीवुड के महान पटकथा लेखक सलीम खान (Salim Khan) के स्वास्थ्य को लेकर एक चिंताजनक अपडेट सामने आ रही है। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। शुरुआती तौर पर उनकी हालत स्थिर बताई जा रही थी, लेकिन ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार, देर रात उनकी स्थिति बिगड़ने के बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन या खान परिवार की ओर से वेंटिलेटर को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान (Official Confirmation) जारी नहीं किया गया है।

दिमाग में ब्लीडिंग और हाई बीपी की शिकायत

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 90 वर्षीय सलीम खान को अचानक घबराहट और हाई ब्लड प्रेशर (High BP) की शिकायत हुई थी। जांच के दौरान उनके दिमाग में खून का थक्का जमने और इंटरनल ब्लीडिंग की बात सामने आई है। डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और संभव है कि आज उनका माइनर ऑपरेशन किया जाए। अस्पताल आज सुबह 11 बजे आधिकारिक हेल्थ बुलेटिन जारी कर सकता है।

See also  Stree 2 : राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर ने शुरू की फिल्म की शूटिंग

शूटिंग छोड़ पहुंचे सलमान, अस्पताल में जुटा पूरा परिवार

पिता की तबीयत की खबर मिलते ही सुपरस्टार सलमान खान अपनी शूटिंग तुरंत रोककर अस्पताल पहुंचे। देर रात उन्हें अस्पताल से बाहर निकलते देखा गया, जहाँ वे काफी भावुक और चिंतित नजर आए। अरबाज खान, अलवीरा, अर्पिता, अतुल अग्निहोत्री और आयुष शर्मा भी अस्पताल में मौजूद हैं। सलीम खान की दोनों पत्नियां, सलमा खान और हेलेन भी उनके साथ हैं। सलीम खान के पुराने साथी जावेद अख्तर और अभिनेता संजय दत्त ने भी अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना।

प्रशंसकों की बढ़ी चिंता

जैसे ही सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सोशल मीडिया पर फैली, उनके चाहने वालों ने दुआओं का सिलसिला शुरू कर दिया है। ‘शोले’, ‘दीवार’ और ‘डॉन’ जैसी कालजयी फिल्में लिखने वाले दिग्गज लेखक के लिए फैंस “Get Well Soon” के संदेश भेज रहे हैं।