टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ एक बार फिर खेल के क्षेत्र में इतिहास रचने जा रहा है। देश के पहले खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स (KITG) का आयोजन 25 मार्च से 3 अप्रैल 2026 तक राज्य के तीन प्रमुख शहरों रायपुर, जगदलपुर (बस्तर) और अंबिकापुर (सरगुजा) में किया जा रहा है। इस आयोजन के जरिए जनजातीय क्षेत्रों की छिपी हुई प्रतिभाओं को मुख्यधारा के खेल जगत से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

तैयारियां और खिलाड़ियों का जमावड़ा

मैदानी सूत्रों के अनुसार, रायपुर में इस भव्य आयोजन को लेकर प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. इस प्रतियोगिता में देशभर के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 2,300 एथलीट और कुल 3,700 से अधिक प्रतिभागी (कोच और अधिकारियों सहित) शामिल होंगे। मेजबान छत्तीसगढ़ से करीब 164 खिलाड़ी (86 पुरुष और 78 महिला) अलग-अलग स्पर्धाओं में पदक के लिए दावेदारी पेश करेंगे। खिलाड़ियों के लिए रायपुर के वीआईपी रोड और आसपास के 7 प्रमुख होटलों में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

See also  छत्तीसगढ़ के IPS डॉ. संतोष सिंह की किताब के मुरीद हुए NSA अजीत डोभाल, PMO ने भी भेजा बधाई पत्र

किन खेलों में होगी टक्कर?

इस खेल महाकुंभ में कुल 9 खेल विधाओं को शामिल किया गया है, जिन्हें दो श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें तीरंदाजी (Archery), एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, स्विमिंग, वेटलिफ्टिंग और कुश्ती शामिल है। जनजातीय परंपराओं को जीवंत रखने के लिए कबड्डी और मल्लखंभ को प्रदर्शन खेलों के रूप में शामिल किया गया है।

प्रमुख वेन्यू और खास बातें

हॉकी के मुकाबले सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल स्टेडियम में होंगे। वहीं, स्विमिंग और वेटलिफ्टिंग के इवेंट्स भी राजधानी में ही आयोजित किए जाएंगे। एथलेटिक्स की स्पर्धाएं बस्तर के धरमपुरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होंगी। कुश्ती और मल्लखंभ के मुकाबले सरगुजा के गांधी स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।
इस बार लद्दाख की टीम पहली बार रायपुर पहुंचकर इन खेलों का हिस्सा बनेगी। अरुणाचल प्रदेश की वेटलिफ्टिंग टीम पहले ही रायपुर पहुंच चुकी है।

उद्घाटन और समापन

दरअसल, 10 दिनों तक चलने वाले इस मेगा इवेंट का भव्य उद्घाटन 25 मार्च को रायपुर में होगा। समापन समारोह के लिए अंबिकापुर को संभावित स्थल के रूप में चुना गया है, जिससे सरगुजा संभाग में भी खेल के प्रति उत्साह बढ़ेगा।

See also  रिलायंस अपनी सभी मीडिया और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों को नेटवर्क18 में मर्ज करेगी