रायपुर: छत्तीसगढ़ में चिलचिलाती गर्मी के बीच अब मौसम ने अपनी करवट बदल ली है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों का विशेष आउटलुक जारी करते हुए प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की चेतावनी दी है। दरअसल, पश्चिम बंगाल से लेकर ओडिशा तक बने एक ट्रफ लाइन के असर से छत्तीसगढ़ के सेंट्रल और साउथ इलाकों में 4 अप्रैल तक मौसम बिगड़ा रहेगा।

40-50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में आज कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है। विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। अगले 3 दिनों तक दिन के तापमान में कोई विशेष बढ़ोतरी नहीं होगी, बल्कि पारा 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है।

राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर में ठंडक

पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश में मौसम के दो रंग देखने को मिले। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जिससे वहां खासी गर्मी महसूस की गई। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा, जिससे वहां रातों में अभी भी ठंडक बनी हुई है।

See also  यातायात के नियमों में बरती गई लापरवाही, ट्रैफिक पुलिस ने जुलाई माह में वसूले 20 लाख रुपए

रायपुर में छाए रहेंगे बादल


राजधानी रायपुर की बात करें तो यहाँ आज दिन भर बादल छाए रहने की उम्मीद है। शहर में बारिश या गरज-चमक के साथ तेज आंधी चलने की संभावना बनी हुई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 40°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने की उम्मीद है। बता दें कि पिछले 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के एक-दो हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई है।