Blinkit at Airport: हवाई सफर की जल्दबाजी में अक्सर हम कुछ न कुछ भूल ही जाते हैं कभी फोन का चार्जर, कभी पावर बैंक, तो कभी बच्चों के डायपर। लेकिन अगर आप मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) पर हैं, तो अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। दरअसल, अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स और ब्लिंकिट (Blinkit) ने हाथ मिलाया है, जिसके बाद भारत की पहली इन-टर्मिनल क्विक कॉमर्स सेवा शुरू कर दी गई है।
कहां और कैसे मिलेगी सर्विस?
मिली जानकारी के अनुसार, यह जादुई सेवा अभी मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 (घरेलू प्रस्थान) पर शुरू की गई है। यात्री अपने फोन में ब्लिंकिट ऐप के जरिए सामान ऑर्डर कर सकते हैं। ताज्जुब की बात यह है कि इसकी डिलीवरी सीधे आपके बोर्डिंग गेट, लाउंज या फूड कोर्ट तक की जाएगी। यानी अब आपको दुकान-दुकान भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
क्या-क्या मंगवा सकते हैं आप?
जानकारी के अनुसार सफर के दौरान काम आने वाली लगभग हर जरूरी चीज अब एयरपोर्ट के अंदर उपलब्ध होगी जैसे
- इलेक्ट्रॉनिक्स: फोन चार्जर, केबल, ईयरफोन्स और ट्रैवल एक्सेसरीज।
- पर्सनल केयर: मॉइश्चराइजर, शेविंग किट और सैनिटाइजर।
- खाने-पीने का सामान: पसंदीदा स्नैक्स और किताबें।
- बेबी केयर: छोटे बच्चों के लिए जरूरी प्रोडक्ट्स।
इनके अलावा सुरक्षा नियमों को देखते हुए पानी की बोतल और जूस जैसे लिक्विड आइटम एयरपोर्ट के अप्रूव्ड स्टॉक से ही दिए जाएंगे।
अदाणी एयरपोर्ट्स का डिजिटल दांव
गौरतलब है कि अदाणी एयरपोर्ट्स के प्रवक्ता ने इसे फ्यूचरिस्टिक ट्रैवल एक्सपीरियंस बताया है। उनका कहना है कि इस सुविधा से यात्रियों के समय की बचत होगी और एयरपोर्ट पर शॉपिंग का अनुभव पूरी तरह बदल जाएगा। बता दें कि ब्लिंकिट के लिए भी यह एक बड़ा बाजार है, क्योंकि एयरपोर्ट जैसी व्यस्त जगह पर टाइम ही पैसा है और लोग सुविधा के लिए ऐप पर भरोसा करते हैं।
मुंबई एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह किसी वरदान से कम नहीं है। अब तक एयरपोर्ट के अंदर सामान खरीदना काफी महंगा और थका देने वाला काम माना जाता था, लेकिन ऐप आधारित डिलीवरी से कीमतों में पारदर्शिता आएगी। सबसे बड़ा फायदा उन भूलक्कड़ यात्रियों को होगा जो आखिरी वक्त पर जरूरी सामान घर छोड़ आते हैं। जानकारों की मानें तो मुंबई के बाद जल्द ही यह सर्विस देश के अन्य बड़े एयरपोर्ट्स पर भी देखने को मिल सकती है।



