टीआरपी डेस्क। विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस में गुटबाजी की आग बुझने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला महासमुंद का है, जहां गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय किसी जंग के मैदान में तब्दील हो गया। दरअसल, पार्टी की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेसी आपस में ही भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दफ्तर के अंदर जमकर लात-घूंसे चले, कुर्सियां फेंकी गईं और कांच के बर्तन तक तोड़ दिए गए।

इतनी सी बात पर हुआ महाभारत

मिली जानकारी के अनुसार, जिला अध्यक्ष ने महंगाई के मुद्दे पर एक प्रेसवार्ता बुलाई थी। गौर करने वाली बात यह है कि इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की उपस्थिति बहुत कम थी। बस इसी बात को लेकर नेताओं में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

इन दिग्गजों के बीच हुई भिड़ंत

ग्राउंड सूत्रों ने बताया कि मारपीट कांग्रेस के पूर्व जिला कोषाध्यक्ष निर्मल जैन और वर्तमान जिला उपाध्यक्ष व पार्षद विजय साव के बीच हुई। मारपीट के दौरान कार्यालय के अंदर रखा फर्नीचर और कांच के सामान चकनाचूर हो गए। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर पहुंचना पड़ा, तब जाकर मामला शांत हुआ।

See also  West Bengal Legislative Assembly Elections 2026: बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत के बीच पीएम मोदी का पुराना वीडियो वायरल: बिहार ने बनाया बंगाल का रास्ता

अब हाईकमान की बारी

गौरतलब है कि घटना के बाद जिला अध्यक्ष ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि इस पूरी घटना की रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) को भेजी जाएगी और अनुशासनहीनता करने वाले दोषी पक्षों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।