राजनांदगांव। स्कूल के एक छात्र को इतना पीटा गया कि उसके दोनों कान को गंभीर क्षति पहुंची। इस मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने शिक्षिका को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक अन्य शिक्षिका फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पढ़ाई के दौरान किताब नहीं निकालने पर पिटाई

इस मामले में की गई शिकायत के मुताबिक, यह घटना पिछले साल की है। डोंगरगढ़ के पब्लिक स्कूल में कक्षा 7वीं में पढ़ने वाला छात्र सार्थक सहारे स्कूल गया हुआ था। इस दौरान क्लास टीचर नम्रता साहू ने सभी छात्रों को एसएसटी की पुस्तक निकालने के लिए कहा। पुस्तक निकालने में सार्थक से थोड़ी देरी हो गई। इससे नाराज शिक्षिका नम्रता साहू ने इंचार्ज शिक्षिका प्रियंका सिंह को क्लास में बुलाया और सार्थक की शिकायत की।

इस बात से गुस्साई शिक्षिका प्रियंका सिंह ने सार्थक के दोनों गाल पर हाथ से जमकर थप्पड़ जड़े इस घटना के बाद छात्र के कान को गंभीर चोट लगी और सुनाई देना बंद हो गया। इसी बीच छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद भी छात्र को दोनों कानों से सुनने में दिक्कत होने लगी।

See also  घर खरीदारों के लिए खुशखबरी! छत्तीसगढ़ रेरा ने तय किए 14 बैंक, अब रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में बढ़ेगी पारदर्शिता

नाराज परिजनों ने डोंगरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। दोनों शिक्षिकाओं के विरुद्ध धारा 117(2), 117(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। साथ ही पुलिस को मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर धारा 117 3, बीएनएस जोड़ी गई।

इधर, एसपी अंकिता के निर्देश पर एएसपी कीर्तन राठौर, एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन के पर्यवेक्षण में जांच शुरू की गई। जांच में साक्ष्य के आधार पर आरोपी इंचार्ज शिक्षिका प्रियंका सिंह को 11 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इधर अन्य शिक्षिका नम्रता साहू फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।