नई दिल्ली/रायपुर। भीषण गर्मी के बीच देश के कई राज्यों में मौसम ने करवट ली है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में हुई हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को तपती धूप से बड़ी राहत दी है। हालांकि, मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वोत्तर राज्यों के लिए अगले 24 घंटे भारी बताए हैं और वहां भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
पूर्वोत्तर भारत में ऑरेंज अलर्ट, बिजली गिरने की आशंका
बता दें कि IMD ने आज यानी 29 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना है।
मैदानी राज्यों में 70km की रफ्तार से चलेगी आंधी
उत्तर और पूर्वी भारत के राज्यों में भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, बिहार और झारखंड। इन इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश (थंडरस्क्वॉल) हो सकती है। गौरतलब है कि हवा की गति 60-70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जो पेड़ और होर्डिंग्स के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।
हिमाचल में ओलावृष्टि का डर, 4 मई तक बिगड़ा रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश के शिमला मौसम केंद्र ने चार प्रमुख जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां ओलावृष्टि और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। बता दें कि 2 मई से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है, जिसकी वजह से राज्य में 4 मई तक बारिश का दौर जारी रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर: दो दिन सुकून, फिर लौटेगी लू
दिल्ली वालों के लिए राहत की बात यह है कि अगले दो दिन तापमान नियंत्रण में रहेगा। 29 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। अधिकतम पारा 37 डिग्री रहने का अनुमान है। 30 अप्रैल को भी बादल छाए रहेंगे और तापमान 36 डिग्री के आसपास रहेगा। गौरतलब है कि 1 मई से पारा फिर चढ़ना शुरू होगा और अधिकतम तापमान एक बार फिर 40 डिग्री को पार कर जाएगा।
दक्षिण भारत में चिपचिपी गर्मी करेगी परेशान
एक तरफ उत्तर में बारिश है, तो दूसरी तरफ ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में गर्मी और नमी का दोहरा वार जारी रहेगा। ज्यादा नमी के कारण लोगों को पसीने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा। प्रशासन ने दोपहर में धूप से बचने और खुद को हाइड्रेटेड रखने की सलाह दी है।



